जनगणना-2027ः नगर निगम में पर्यवेक्षकों और प्रगणकों को किट का वितरण

Census-2027: Distribution of kits to supervisors and enumerators in municipal corporations

सहारनपुर। आज नगर निगम में जनगणना -2027 के लिए पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों को किट वितरित की गई। महानगर के तीनों जोन में 223 पर्यवेक्षक और 1383 प्रगणक जनगणना कार्य करेंगे। जनगणना का प्रथम चरण 22 मई से 20 जून तक चलेगा, जिसमें मकान सूचीकरण का कार्य किया जायेगा। नगर निगम में किट प्राप्त करने के लिए आज सुबह से ही पर्यवेक्षक व प्रगणक जुटना शुरु हो गए थे। जोन एक के 81 पर्यवेक्षक और 505 प्रगणक, जोन दो के 73 पर्यवेक्षक व 446 प्रगणक तथा जोन तीन के 69 पर्यवेक्षक और 432 प्रगणकों को आज निगम बुलाया गया था। शाम तक जोन एक में 60 प्रतिशत व जोन दो में 65 प्रतिशत तथा जोन तीन में लगभग 70 प्रतिशत पर्यवेक्षकों व प्रगणकों को किट वितरित की जा चुकी थी।
नगर जनगणना अधिकारीध्अपर नगरायुक्त मृत्युंजय ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि वितरित की गयी किट में पर्यवेक्षकों को नीला तथा प्रगणकों को काला बैग दिया गया है। जनगणना-2027 लिखे बैग में पर्यवेक्षकों को उनका नियुक्ति पत्र, उनके आधीन जनगणना करने वाले प्रगणकों के नाम और मोबाइल नंबर की जानकारी के अलावा एक सर्किल मैप भी दिया गया है। जिसमें प्रगणकों का जनगणना क्षेत्र (ब्लॉक) दर्शाया गया है। इसके अतिरिक्त डायरी, पैन, परिचय पत्र और कैप भी किट में दी गयी है। जबकि प्रगणकों को दी गयी किट में उनके पर्यवेक्षक का नाम व मोबाइल नंबर, उनके जनगणना क्षेत्र का मैप (ब्लॉक), डायरी, पैन, परिचय पत्र व कैप आदि दी गयी है। उन्होंने बताया कि पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों की मेडिकल सुविधा के लिए नगर निगम की ओर से सीएमओ को पत्र भी भेजा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *