गंगोह। लखनौती मार्ग स्थित श्मशान घाट जाने वाले रास्ते पर नगरपालिका द्वारा लगातार गंदगी व कूड़ा डाले जाने से आक्रोशित लोगों व कार्यकर्ताओं ने क्रांति गोरक्षक दल के ब्लॉक अध्यक्ष हिमांशु सैनी के नेतृत्व में मौके पर धरना-प्रदर्शन कर नगर पालिका के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए धरना प्रदर्शन शुरु कर दिया और कूडा लेकर पहुंचे नगरपालिका कर्मियों को कुडा डालने से रोक दिया। नगरपालिका अधिकारियों के कूडा न डालने के आश्वासन के बाद ही धरना समाप्त हुआ।
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि 15 रोज पहले ईओ को ज्ञापन देकर श्मशान रोड पर कूड़ा न डलवाने की बात की गई थी। उनका कहना था कि गंदगी और दुर्गंध के कारण यहां से अंतिम यात्रा निकालना तक दुश्वार हो गया है। जिससे लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं। आज सुबह जब पालिकाकर्मी ठेलों में कूड़ा लेकर वहां पहुंचे तो स्थानीय लोगों ने उन्हें रोककर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना पर नगरपालिका के जलकल प्रभारी कासिफ कुददूसी, एसएफआई राजीव मलिक एवं शारिक फरीदी ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर आईन्दा वहां कूड़ा न डालने का आश्वासन दिया। जिसके बाद धरना स्थगित कर दिया गया। प्रदर्शनकारियों ने दोबारा श्मशान रोड पर कूड़ा डालने पर आंदोलन की चेतावनी दी। हिमांशु सैनी, सचिन सैनी, जॉनी सैनी, विनय सैनी, शिवांश सैनी सहित बड़ी संख्या में क्रांति गो रक्षक दल कार्यकर्ता और नागरिक मौजूद रहे।
श्मसान रोड पर गंदगी डाले जाने से गुस्साये सडकों पर उतरे लोगांें ने किया धरना प्रदर्शन