सहारनपुर। सहारनपुर मंडल में पौधा रोपण का नया रिकार्ड बना है। सहारनपुर मंडल के कमिश्नर डा. रूपेश कुमार ने आज बताया कि पूरे मंडल में एक ही दिन में 93 लाख से ज्यादा पौधे रोपे गए। ध्यान रहे प्रदेश में 35 करोड़ से ज्यादा पौधे रोपे गए। कमिश्नर डा. रूपेश कुमार ने कहा कि 5 जून को पर्यावरण दिवस पर भी पौधे रोपे गए थे। यदि उन्हें भी इसमें जोड़ लें तो आंकड़ा एक करोड़ से ऊपर हो जाएगा। उन्होंने बताया कि पूरे मंडल में एक बड़े अभियान के तौर पर देर शाम तक पौधा रोपण अभियान चला। इस महाअभियान की थीम एक पेड़ मां के नाम था। खुद मंडलायुक्त डा. रूपेश कुमार ने रोहाना कलां के प्रधानमंत्री किसान स्मृति केंद्र के परिसर में बरगद का पौधा लगाया। सहारनपुर के ईएफओ विपुल सिंघल और चांदनी सिंह ने बताया कि जनपद सहारनपुर में 48 लाख से ज्यादा पौधे रोपे गए। शामली और मुजफ्फरनगर के ईएफओ अभिनव राज ने बताया कि मुजफ्फरनगर जनपद में 3127233 पौधे रोपे गए। जबकि शामली में 1375725 पौधे रोपे गए। कमिश्नर रूपेश कुमार का कहना था कि जिन वृक्षों का पौधा रोपण किया गया है उनके 95 फीसद से ज्यादा के सुरक्षित रहने की क्षमता है। यदि पौधा रोपण करने वाले लोग लगाए गए पौधों की ठीक से देखभाल करें तो 98 फीसद तक वृक्ष सुरक्षित रहेंगे। इसलिए उन्होंने मंडल के सभी लोगों से पौधों की देखभाल ठीक से किए जाने की अपील भी की। उन्होंने माना कि कोरोना महामारी के बाद लोगों में पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता आई है और उन्हें पेड़-पौधों और वृक्षों का महत्व समझ आ गया हैं। इस कारण से भी लोगों ने वृक्षारोपण अभियान में बढ़ चढ़कर भागीदारी की। इस पौधारोपण महाअभियान में जनप्रतिनिधि, न्यायाधीश, अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक, छात्र, सामाजिक कार्यकर्त्ता, पर्यावरणविद् आदि शामिल रहे।
सहारनपुर मंडल में पौधा रोपण का बना नया रिकार्ड, 93 लाख पौधे रौपे गएः मंडलायुक्त डा. रूपेश कुमार