क्रिकेट सीरीज का रोमांचक फाइनलः अभिमन्यु बने बेस्ट बैट्समैन

Thrilling Cricket Series Final: Abhimanyu Named Best Batsman

सहारनपुर। मल्हीपुर रोड स्थित टर्फस्टार क्रिकेट अकैडमी में खेली जा रही 3 मैचों की क्रिकेट सीरीज का रोमांचक फाइनल मुकाबला टर्फस्टार थंडर्स और टर्फस्टार ब्लास्टर्स के बीच खेला गया। एकतरफा रहे इस खिताबी मुकाबले में टर्फस्टार थंडर्स ने शानदार खेल दिखाते हुए टर्फस्टार ब्लास्टर्स को 8 विकेट से करारी शिकस्त देकर चमचमाती ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
मैच में टर्फस्टार ब्लास्टर्स की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। हालांकि, थंडर्स के गेंदबाजों की कसी हुई गेंदबाजी के आगे ब्लास्टर्स की पूरी टीम 22 ओवरों में महज 163 रनों पर ही ढेर हो गई। टीम की ओर से अभिमन्यु ने सर्वाधिक 31 रन और उमर ने 15 रनों का योगदान दिया। अन्य कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहा। 164 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टर्फस्टार थंडर्स की शुरुआत बेहद दमदार रही। टीम ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए महज 17 ओवरों में 2 विकेट खोकर आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया।
थंडर्स की इस शानदार जीत के हीरो कप्तान युवराज खटाना और देवांश डावर रहे। दोनों ने मैदान के चारों ओर चौकों-छक्कों की बरसात की। शानदार और मैच जिताऊ अर्धशतकीय पारी खेलने के लिए देवांश डावर को मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया। टूर्नामेंट के समापन पर खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए विशेष अवार्ड दिए गए। बेस्ट बैट्समैनः अभिमन्यु (पूरी सीरीज में सर्वाधिक 211 रन), बेस्ट बॉलरः आरव कपिल (सीरीज में कुल 8 विकेट) एवं बेस्ट फील्डरः अर्चित गौतम रहे। फाइनल मुकाबले और पुरस्कार वितरण के इस खास मौके पर टर्फस्टार क्रिकेट अकैडमी के कोच आयुष चौधरी, मैनेजर अरुण पंवार, क्रिकेटर तरुण चौधरी, प्रदीप कुमार, रामकुमार, संजय पंवार, रौनक पंवार और तनुज पंवार सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और अकैडमी के खिलाड़ी मौजूद रहे। सभी ने विजेता और उपविजेता टीम के खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *