- संयुक्त टीम ने उपखनिज से भरे 9 डंपर किए जब्त
बेहट (सहारनपुर)। उत्तर प्रदेश में अवैध खनन, ओवरलोडिंग और बिना नंबर के व्यावसायिक वाहनों के संचालन पर रोक लगाने के लिए शासन के निर्देश पर एक बड़ा अभियान शुरू किया गया है। अपर पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) उत्तर प्रदेश के आदेश पर गठित विशेष टास्क फोर्स द्वारा 23 और 24 मई 2026 को चलाए जा रहे दो दिवसीय सघन चेकिंग अभियान के पहले ही दिन बेहट में बड़ी कामयाबी हाथ लगी है।
शनिवार को थाना बेहट पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से उपखनिज का परिवहन कर रहे 9 भारी डंपरों को मौके से जब्त कर लिया। पुलिस उपमहानिरीक्षक (सहारनपुर परिक्षेत्र) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (सहारनपुर) के कुशल निर्देशन में तथा पुलिस अधीक्षक ग्रामीण व क्षेत्राधिकारी बेहट के निकट पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह दीक्षित के नेतृत्व में इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया। पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों ने क्षेत्र में संचालित स्टोन क्रेशरों, स्क्रीनिंग प्लांटों, यमुना नदी के खनन जोन तथा प्रमुख मार्गों पर बैरियर लगाकर आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाया।
चैकिंग के दौरान अलग-अलग स्थानों से उपखनिज (रेत-बजरी) ले जा रहे 9 डंपर ट्रकों को रोका गया। जांच करने पर पाया गया कि ये वाहन या तो ओवरलोड थे या इनके पास वैध परिवहन प्रपत्र मौजूद नहीं थे। पुलिस ने सभी 9 डंपरों को मय उपखनिज के जब्त कर थाना बेहट परिसर में दाखिल करा दिया है। जब्त वाहनों के खिलाफ आगामी वैधानिक व दंडात्मक कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेज दी गई है।
इस महत्वपूर्ण और सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में मुख्य रूप से बेहट के नायब तहसीलदार भूपेंद्र सिंह, थाना बेहट के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह दीक्षित, उपनिरीक्षक धीरज सिंह, उपनिरीक्षक राजेंद्र राठी, हेड कांस्टेबल गौरव राणा, हेड कांस्टेबल राहुल राणा, हेड कांस्टेबल गोविंद और कांस्टेबल अभिषेक खोखर शामिल रहे। पुलिस प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र के अवैध खनन माफियाओं और ओवरलोड वाहन संचालकों में हड़कंप मच गया है।
अवैध खनन और ओवरलोडिंग पर टास्क फोर्स का बड़ा एक्शन