आईटीसी सुनहरा कल कार्यालय में विशेष कार्यक्रम

Special event at ITC Golden Tomorrow office

सहारनपुर। आईटीसी लि. के तत्वावधान में सहारनपुर स्थित आईटीसी रोड पर सुनहरा कल कार्यालय में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें रामचंद्र पांडे व मनमोहन जुनेजा को ब्रांड एंबेसडर बनाए जाने पर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य लोग एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर निगम स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रवीण शाह रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर निगम के मुख्य सफाई निरीक्षक इंद्रपाल उपस्थित रहे। कार्यक्रम में आईटीसी प्रोग्राम मैनेजर प्रकाश उमंग, प्रोजेक्ट मैनेजर मयंक पांडे सहित सुनहरा कल से जुड़े अनेक कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छता हमारे जीवन का अत्यंत महत्वपूर्ण हिस्सा है और प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करे। उन्होंने कहा कि बढ़ती गर्मी और बदलते पर्यावरणीय हालात को देखते हुए हरित क्रांति की दिशा में कार्य करना समय की आवश्यकता बन गया है। वक्ताओं ने सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रयोग से बचने की अपील करते हुए कहा कि हमें अपनी दैनिक आदतों में सकारात्मक परिवर्तन लाना होगा। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि घरों एवं आसपास गंदगी एकत्र न होने दें तथा कूड़े के सही प्रबंधन के लिए नगर निगम द्वारा बनाई गई व्यवस्थाओं का पालन करें।
इस अवसर पर रामचंद्र पांडे व मनमोहन जुनेजा ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *