सहारनपुर। खेल प्रेमियों के लिए एक गौरवपूर्ण क्षण सामने आया, जब शहर में पहली बार प्रथम इंटरनेशनल इंटीग्रल फाइटिंग ट्रेनिंग सेमिनार का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन इंडियन इंटीग्रल फाइटिंग एसोसिएशन द्वारा सफलतापूर्वक किया गया।
यह मार्शल आर्ट भारत में पहली बार शुरू हो रहा है और इसकी शुरुआत सहारनपुर से होना शहर के लिए विशेष उपलब्धि मानी जा रही है। इस ऐतिहासिक अवसर पर फ्रांस (यूरोप) से आए ग्रैंड मास्टर पैट्रिक लेवेट, जो इंटरनेशनल फाइटिंग वर्ल्ड फेडरेशन के टेक्निकल डायरेक्टर हैं, ने खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किया। कार्यक्रम का शुभारंभ ग्रैंड मास्टर पैट्रिक लेवेट एवं सहारनपुर के स्पोर्ट्स ऑफिसर राहुल चोपड़ा द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। उनकी गरिमामयी उपस्थिति और मार्गदर्शन ने आयोजन को विशेष महत्व प्रदान किया।
इस अवसर पर राहुल चोपड़ा ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा खेल केवल शारीरिक शक्ति का माध्यम नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, आत्मविश्वास और मानसिक मजबूती का भी आधार है। ऐसे अंतरराष्ट्रीय सेमिनार युवाओं को नई दिशा देने के साथ उन्हें वैश्विक मंच पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मुझे विश्वास है कि सहारनपुर के खिलाड़ी आने वाले समय में देश का नाम रोशन करेंगे। कार्यक्रम में इंडियन इंटीग्रल फाइटिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रमोद तिवारी, जॉइंट सेक्रेटरी कशिश चावला, ट्रेजरर हर्षित अग्रवाल, उत्तर प्रदेश इंटीग्रल फाइटिंग एसोसिएशन की अध्यक्ष सुशमा, पुष्पेंद्र सैनी, हर्ष अरोड़ा, सुमित, विभा सहित कई गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही।
यह आयोजन न केवल सहारनपुर बल्कि पूरे भारत में इंटीग्रल फाइटिंग को नई पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
खेल प्रतिभाओं को मिला वैश्विक मंच, सहारनपुर में संपन्न हुआ प्रथम इंटरनेशनल इंटीग्रल फाइटिंग ट्रेनिंग कैंप