सहारनपुर। नगर निगम क्षेत्र के अहमद कालोनी, दौलतनगर, राहत कालोनी, बाबर कालोनी, शिफा कालोनी, इशाक कालोनी, फरीदा विहार, नफीस गार्डन एवं लड्डो विहार के हजारों लोगों को इन दिनों भीषण पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों ने नगर आयुक्त को प्रार्थना पत्र देकर जल्द समाधान की मांग की है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि उक्त क्षेत्र में करीब 26 हजार की आबादी निवास करती है, जहां पानी की सप्लाई एक सरकारी नलकूप के माध्यम से होती थी। लेकिन नलकूप खराब होने के बाद नगर निगम द्वारा उसे उखाड़कर रख दिया गया है, जिसके चलते पूरे क्षेत्र में पानी की भारी किल्लत उत्पन्न हो गई है। भीषण गर्मी के मौसम में लोगों को पीने के पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि इस संबंध में कई बार नगर निगम अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लोगों का कहना है कि पानी जैसी मूलभूत आवश्यकता पूरी न होने से आमजन के साथ-साथ मवेशियों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्रवासियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनकी समस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो उन्हें मजबूर होकर नगर निगम प्रांगण में धरना-प्रदर्शन करना पड़ेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि इसके बाद भी समस्या का निराकरण नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन करते हुए सड़क जाम करने के लिए भी बाध्य होंगे। लोगों ने नगर आयुक्त से जनहित को देखते हुए खराब नलकूप को जल्द ठीक कराने अथवा वैकल्पिक पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है।
अहमद कॉलोनी, दौलतनगर, राहत कॉलोनी समेत कई इलाकों में पानी की भारी किल्लत