सहारनपुर। महापौर डॉ. अजय कुमार ने कहा कि जो भी शिव भक्त सहारनपुर आये वह सुखद अनुभूति लेकर यहां से जाएं, यह प्रयास हम सबको करना है। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा सांस्कृतिक राष्ट्रवाद का महापर्व है। समता और समानता के इस महापर्व को हम इसकी पवित्रता और गरिमा को बनाये रखते हुए मनाएं, यह हम सब का परम कर्तव्य है।
महापौर डॉ. अजय कुमार नगर निगम के शाकुंभरी सभागार में कांवड यात्रा की व्यवस्थाओं के सम्बंध में आयोजित कांवड़ शिविर संचालकों व निगम अधिकारियों की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। महापौर ने कांवड़ यात्रा को पूरी तरह जीरो प्लास्टिक इवेंट बनाने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी तरह का कूड़ा कचरा सड़कों पर फैलने से रोका जाए और उसे डस्टबिन में ही डाला जाएं, उन्होंने इसके लिए पर्याप्त डस्टबिन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
महापौर ने निगम अधिकारियों को निगम क्षेत्र अंतर्गत कांवड़ यात्रा मार्ग पर पेड़ो एवं झाड़ियों की कंटाई-छंटाई करने, मार्ग पर अतिक्रमण तथा अनावश्यक विज्ञापन बोर्ड व होर्डिंग्स हटवाने, पूरे मार्ग पर अद्भुत प्रकाश व्यवस्था करने, वाटर टैंक भरने तथा शुद्ध पेयजल व कांवडियों के स्नान के लिए जलापूर्ति की व्यवस्था करने सहित सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रुप देने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश देते हुए सभी मोबाइल शौचालयों में पानी की आपूर्ति तथा उनकी सफाई व्यवस्था पर जोर दिया। उन्होंने सभी प्रमुख चौराहों सहित सभी संवेदनशील स्थानों पर कैमरों तथा पब्लिक एडेªस सिस्टम को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने शिविर संचालकों को कहा िकवे कोई भी प्लास्टिक का बर्तन तथा क्रॉकरी इस्तेमाल न करें। उन्होंने शिव भक्तों को स्वागत रुप में पौधे भेंट करने का तथा शिविरों में मधर स्वर लहरी के साथ भगवान शिव की स्तुति गान करने का भी सुझाव दिया।
इससे पूर्व अपर नगरायुक्त मृत्युंजय, महाप्रबंधक जल पुरुषोत्तम कुमार, मुख्य अभियंता निर्माण सुरेन्द्र प्रसाद, नगर स्वास्थ अधिकारी डॉ. प्रवीण शाह व उद्यान प्रभारी डॉ.संदीप मिश्रा तथा महाप्रबंधक स्मार्ट सिटी दिनेश सिंघल ने महापौर व शिविर संचालकों को निगम की कांवड़ यात्रा कार्ययोजना से अवगत कराते हुए बताया कि कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाली 60 गलियों एवं 52 कट को चिह्नित कर लिया गया है, वहां बांस-बल्ली लगाकर बेरिकेडिंग लगायी जायेगी। इसके अलावा कांवड़ यात्रा के दौरान बारिश की संभावना के दृष्टिगत जल निकासी के लिए वाटर पम्प की व्यवस्था तथा 18 मोबाइल शौचालयों की व्यवस्था की गयी है। अधिकारियों ने शिविर संचालकों के सुझाव पर अन्य तैयारियों की भी जानकारी दी।
कावंड सघ के अध्यक्ष संजय फुटेला, शिविर संचालक दिनेश सेठी, व्यापारी नेता राजकुमार मक्कड़ व राजेंद्र पाण्डेय सहित अनेक शिविर संचालकों ने सुझाव दिए। कुछ ठोस सुझावों पर महापौर ने अधिकारियों को क्रियान्वयन के आदेश दिए। इस दौरान सहायक नगरायुक्त जे पी यादव व बिकास धर दुबे सहित सभी विभागों के अधिकारी तथा उपसभापति मयंक गर्ग,पार्षद दिग्विजय चौहान, ज्योति अग्रवाल व पूर्व पार्षद मानसिंह जैन आदि भी मौजूद रहे।
कांवड़ यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर नगर निगम की महत्वपूर्ण बैठक