सहारनपुर। सिद्धपीठ बाग शिवाला श्री गोटेश्वर महादेव मंदिर शुक्रवार को आस्था, श्रद्धा और भक्ति के अद्भुत संगम का साक्षी बना। यहां भव्य मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ अत्यंत हर्षाेल्लास और धार्मिक विधि-विधान के साथ किया गया।
धर्म सम्राट करपात्री महाराज के परम शिष्य एवं पुरी शंकराचार्य जी के गुरु भाई, आचार्य पंडित राम शंकर शुक्ल (प्रयागराज) के सानिध्य में कार्यक्रम का शुभारंभ भव्य जल कलश यात्रा के साथ हुआ। भीषण गर्मी के बावजूद लगभग 251 महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर श्रद्धा और समर्पण का परिचय दिया। इससे पूरा वातावरण भक्तिमय और ऊर्जावान हो गया।
यह विशाल शोभायात्रा श्री राधा कृष्ण मंदिर, चिलकाना रोड से प्रारंभ होकर मंडी समिति रोड होते हुए श्री गोटेश्वर महादेव मंदिर परिसर में संपन्न हुई। यात्रा में धर्म ध्वजा, मंदिर का भव्य बैनर, गणेश जी की सुसज्जित बग्गी, नासिक बैंड एवं धार्मिक भजनों से सुसज्जित डीजे ने श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। कार्यक्रम के अगले चरण में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य ध्वजारोहण कर महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया।
मंदिर अधिष्ठाता आचार्य पंडित अमित वत्स जी ने बताया कि यह प्राचीन मंदिर लगभग 35 वर्षों तक बंद रहा था। प्रशासन के सहयोग से 11 दिसंबर 2020 को इसे पुनः श्रद्धालुओं के लिए खोला गया। तब से मंदिर के जीर्णाेद्धार के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में अब विद्वान ब्राह्मणों के सानिध्य में भव्य प्राण प्रतिष्ठा का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें विशेष रूप से माता हिंगलाज के दिव्य विग्रह की स्थापना की जाएगी। कार्यक्रम का कुशल संचालन सतीश कपिल एवं संदीप सैनी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
इस ऐतिहासिक एवं भव्य आयोजन को सफल बनाने में मनीष ढींगरा, नवीन वर्मा, दीपक शर्मा, संदीप सैनी, रामदीप बंसल, संदीप वर्मा, सतीश शर्मा, गिरीश अग्रवाल, राहुल गोयल, अशोक सिंघल, सुनील सिंघल, अश्वनी वर्मा, मोहन फौजी, संजय चौहान, जौली प्रजापति, निखिल खत्री, दिव्यलोक त्यागी, डॉ. आदित्य राठी, मनोज मोंगा, गौरव शर्मा, मुकेश तलवार, संदीप शर्मा, संचित गुप्ता एवं अशोक छाबड़ा का विशेष सहयोग रहा।
35 वर्षों बाद गोतेश्वर महादेव मंदिर में गूंजे वैदिक मंत्र