सहारनपुर। नगर निगम सहारनपुर महानगर के सफाई मित्रों को सर्वाधिक 17 हजार 446 रुपये मासिक वेतन देने वाला निगम बनेगा। इतना ही नहीं हर महीने चार दिन का वेतन सहित साप्ताहिक अवकाश भी दिया जायेगा। यह लाभ समग्र नगर स्वच्छता व्यवस्था के अंतर्गत दिया जायेगा। इसके लिए सफाई कर्मियों की मानकों के अनुसार बड़ी संख्या में भर्ती की जायेगी। सफाई कर्मियों की सुरक्षा, जीवन रक्षा और सुविधाओं के लिए ईपीएफ व ईएसआईसी का लाभ और पांच लाख का अतिरिक्त दुर्घटनाध्मृत्यु बीमा भी दिया जायेगा। हर महीने सात तारीख से पहले मानदेय का भुगतान और समय-समय पर शासन द्वारा मानदेय वृद्धि को तत्काल लागू किया जायेगा। इस आशय का प्रस्ताव आज महापौर डॉ. अजय कुमार की अध्यक्षता में नगर निगम बोर्ड की कार्यकारणी की बैठक में सर्व सम्मति से लिया गया।
शाकुंभरी सभागार में आयोजित कार्यकारणी बैठक को संबोधित करते हुए महापौर डॉ. अजय कुमार ने आऊट सोर्सिंग (सीएलसी) कर्मचारियों को अभी तक 15 हजार 175 रुपये मासिक वेतन दिया जा रहा है। जिसे बढ़ाकर 17 हजार 446 रुपये किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि श्रमिक संगठनों की मांग सफाई कर्मचारियों का वेतन बढ़ाकर 16-17 हजार रुपये करने की ंमांग की गयी थी, उनकी मांग से भी अधिक वृद्धि सफाई कर्मचारियों के वेतन में करने का निर्णय कार्यकारणी द्वारा लिया गया है। श्रमिक संगठनों की दूसरी मांग वेतन सहित चार साप्ताहिक अवकाश तथा ईएसआईसी के अलावा पांच लाख का अतिरिक्त दुर्घटनाध्मृत्यु बीमा देने का निर्णय सर्व सम्मति से लिया गया है। पार्षदों के प्रश्न के उत्तर में महापौर ने बताया कि वार्डाे में सड़कों, नालों की चौड़ाई, क्षेत्र की जनसंख्या तथा उस क्षेत्र के व्यवसायीकरण आदि को ध्यान में रखकर वार्ड में सफाई कर्मचारियों की संख्या निर्धारित की जायेगी। उपसभापति मयंक गर्ग, दिग्विजय चौहान, मंसूर बदर, संजय सैनी व राजेंद्र कोहली आदि पार्षदों ने चर्चा में भाग लिया।
महापौर ने संचालन व्यवस्था के लिए प्रस्तावना में, हाल ही में गुड़गांव में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, राज्यसभा अध्यक्ष हरिवंश व केंद्रीय नगर विकास मंत्री मनोहरलाल खट्टर के मार्गदर्शन में हुयी निकायों की बैठक का उल्लेख करते हुए मान्य निकायों के संचालन विषय के बारे में कहा कि संचालन की एक नियमावली बनायी जानी चाहिए और इसमें कोई बाह्य हस्तक्षेप नहीं होना चाहिए।
वार्ड 40 में गांधी पार्क स्थित गैराज क्षेत्र में पूर्व की भांति श्रीरामलीला के आयोजन के लिए एक माह तथा तथा गांधी पार्क क्षेत्र में रावण दहन के लिए पांच दिन हेतु व्यवस्था कराने का प्रस्ताव रखा गया जिसे सर्व सम्मति से पारित किया गया। वार्ड 53 में रायवाला स्थित तिकोना पार्क का नाम पूर्व पार्षद रविसेन जैन के नाम पर ‘‘रविसैन जैन स्मृति उद्यान’’ रखने का प्रस्ताव भी सर्व सम्मति से पारित किया गया।
इसके अतिरिक्त 33/11 के.वी विद्युत उपकेंद्र की स्थापना के लिए खाताखेड़ी में नगर निगम की 35 गुणा 42 वर्गमीटर भूमि विद्युत नगरीय वितरण खण्ड को उपलब्ध कराने का प्रस्ताव भी पारित किया गया ताकि चिलकाना रोड क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति भविष्य में और बेहतर हो सके। इसके अलावा सिनेमाघरों के शौ टैक्स की दरों तथा नगर निगम सीमान्तर्गत व्यवसायिक प्रतिष्ठानों पर व्यवसायिक शुल्क की दरों को भी मामूली संशोधन के बाद सर्व सम्मति से पारित किया गया। इसके अलावा पार्षद सलेकचंद, ज्योति अग्रवाल, फजलुर्रहमान, नूतन तोमर, शबाना प्रवीण व अनुज जैन आदि पार्षदों ने भी वार्डाे की समस्याओं को लेकर विभिन्न मुद्दे उठाए। जिन पर महापौर डॉ. अजय कुमार व नगरायुक्त शिपू गिरि ने विषयानुकुल उत्तर देते हुए पार्षदों की जिज्ञासाओं को शांत किया। संचालन सदन प्रभारी व सहायक नगरायुक्त जे पी यादव ने किया।
नगर निगम का बड़ा फैसलाः सफाई कर्मियों का मानदेय बढ़ा, मिलेंगी कई नई सुविधाएं