सहारनपुर। खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश, खेल भवन लखनऊ एवं उत्तर प्रदेश बॉक्सिंग संघ के संयुक्त तत्वावधान में डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित चार दिवसीय प्रदेश स्तरीय समन्वय सब जूनियर बालिका बॉक्सिंग प्रतियोगिता का आज भव्य समापन हो गया। इस रोमांचक टूर्नामेंट में उत्तर प्रदेश के 13 मंडलों की 76 मुक्केबाजों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में विजेता मेरठ मंडल (29 अंक), उपविजेता गोरखपुर मंडल (18 अंक), तृतीय स्थानः मेजबान सहारनपुर मंडल (13 अंक), सर्वश्रेष्ठ बॉक्सर जाविका (सहारनपुर), प्रोग्रेसिव बॉक्सर सांची शर्मा (मेरठ) रहे। समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के लोक निर्माण विभाग (च्ॅक्) राज्य मंत्री कुंवर बृजेश सिंह एवं अति विशिष्ट अतिथि महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह रहे। क्रीड़ाधिकारी राहुल चोपड़ा, सहायक प्रशिक्षक प्रवीन कुमार और लाल प्रताप धर्मेंद्र ने अतिथियों का बुके एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया। राज्य मंत्री कुंवर बृजेश सिंह ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान की और खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा, आप में से ही खिलाड़ी आगे चलकर राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ओलंपिक खेलों में देश का नाम रोशन करेंगे।ष् वहीं, महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं।
टूर्नामेंट को सफल बनाने में सोमप्रकाश शर्मा, पवन कुमार, संजय गुप्ता, मनीष हजरिया, रॉबिन सिंह, अंकित गुप्ता सहित अन्य निर्णायकों ने मुख्य भूमिका निभाई। इस अवसर पर भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य चेतन सैनी, जिला मंत्री अभिषेक त्यागी, मंडल अध्यक्ष रविंद्र, मुकेश गक्खर, पार्षद गौरव कपिल, जिला बॉक्सिंग संघ के अध्यक्ष अमित जैन, सचिव रितु देवी, और पुष्पपाल सिंह चौहान सहित भारी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
सब जूनियर बालिका बॉक्सिंग प्रतियोगिताः मेरठ मंडल बना चैंपियन, जाविका चुनी गईं सर्वश्रेष्ठ बॉक्सर