सहारनपुर में वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 का आगाज

Launch of 'Tree Plantation Mega-Drive 2026' in Saharanpur
  • प्रमुख सचिव और महापौर ने पौधे लगाकर की अभियान की शुरुआत
    सहारनपुर। ‘‘वृक्षारोपण महायज्ञ-2026’’ के तहत आज प्रमुख सचिव कृषि एंव कृषि रक्षा रविन्द्र और महापौर डॉ. अजय कुमार ने रायवाला स्थित निगम के पद्मश्री कन्हैयालाल मिश्र प्रभाकर उद्यान में ‘‘एक पौधा मां के नाम’’ तथा ‘‘एक पौधा गुरु के नाम’’ लगाकर निगम के वृक्षारोपण अभियान की शुरुआत की। निगम के अन्य अधिकारियों, पार्षदों एवं विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं एवं एनसीसी कैडेट्स ने भी पौधारोपण किया। श्रीगणेश जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन से कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
    इस अवसर पर प्रमुख सचिव कृषि रविन्द्र ने कहा कि यह वर्ष सुपर अल-नीनो का वर्ष है, जिसके परिणाम स्वरुप पर्यावरण में जबरदस्त परिवर्तन हो रहा है। आज हम जो प्रकृति में कर रहे है उसके दूरगामी परिणाम दिखायी दे रहे हैं। प्रमुख सचिव ने कहा कि पेडों से हमारा बहुत कोमल रिश्ता है। पेड़-पौधों और पशुओं से हमें भोजन मिलता है। पर्यावरण संरक्षण व संतुलन के साथ मानव जाति को यदि आगे ले जाना है तो पेड़ों के साथ यह कोमल रिश्ता हमें बनाये रखना होगा। हम समाज को, अपनी आने वाली पीढ़ियों को क्या देकर जाना चाहते है, आने वाला कल कैसा होगा, यह पेड़-पौधों से हमारा रिश्ता तय करेगा।
    महापौर डॉ. अजय कुमार ने महानगर को कार्बन न्यूट्रल बनाने के लिए गूलर, जामुन और शहतूत आदि फलदार वृक्षों के पौधारोपण पर बल देते हुए कहा कि पशु-पक्षियों का पोषण और पौधारोपण ही हमारे सुरक्षित भविष्य की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी ने 2030 तक पौधारोपण में 15 प्रतिशत की वृद्धि का जो लक्ष्य रखा है वह सहारनपुर पहले ही प्राप्त कर चुका है। उन्होंने कहा भारत को यदि विश्व गुरु बनाना है तो हमें देश को ज्ञान से आगे ले जाना होगा। उद्यान प्रभारी डॉ. संदीप मिश्रा ने प्रमुख सचिव व महापौर को बताया कि अभियान के तहत प्रभाकर उद्यान में दस हजार पौधों का रोपण किया जा रहा है।
    इससे पूर्व अपर नगरायुक्त प्रदीप यादव व अपर नगरायुक्त एंव वरिष्ठ उद्यान प्रभारी मृत्युंजय, उपसभापति मयंक गर्ग व क्षेत्रीय पार्षद गौरव जैन ने बुके भेंटकर प्रमुख सचिव व महापौर का स्वागत किया। महापौर डॉ. अजय कुमार ने नगर निगम की ओर से तथा डीएफओ विपुल सिंघल ने प्रुमुख सचिव को प्रतीक चिह्न भेंट किये। कार्यक्रम में नगर मजिस्ट्रेट कुलदीप कुमार, सहायक नगरायुक्त जे पी यादव व बिकास धर दुबे, महाप्रबंधक जल पुरुषोत्तम कुमार, पार्षद मुकेश गक्खड़, सुभाष चंद, चौ.वीरसेन सिद्धू, मनोज प्रजापति, अहमद मलिक, नीरज शर्मा, गौरव जैन व भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय वर्मा सहित शहर के गणमान्य लोग शामिल रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. वीरेन्द्र आजम ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *