- साध्वी अंजू भारती ने दी गुरु वचनों को जीवन में उतारने की प्रेरणा
सहारनपुर। दिव्य ज्योति जागृति संस्थान के तत्वावधान में आयोजित साप्ताहिक सत्संग में श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर आध्यात्मिक ज्ञान का लाभ प्राप्त किया। कार्यक्रम का शुभारंभ साध्वी पूजा भारती जी द्वारा भावपूर्ण भजन ष्गुरु वचनों को रखना संभाल के, गुरु वचनों में गहरा राज है। जिसने जानी उसकी महिमा, उसका बेड़ा पार है… के गायन से हुआ। इस भजन ने उपस्थित संगत को गुरु वचनों के महत्व का गहन संदेश दिया।
इसके उपरांत साध्वी अंजू भारती जी ने भजन के सार को विस्तारपूर्वक समझाते हुए कहा कि गुरु के वचनों को केवल सुनना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि उन्हें अपने जीवन में आत्मसात करना ही सच्ची गुरुभक्ति है। उन्होंने भगवान बुद्ध के जीवन से प्रेरणादायक प्रसंग सुनाते हुए बताया कि उनके परम शिष्य आनंद ने अपने गुरु के प्रत्येक वचन को पूर्ण श्रद्धा, विश्वास एवं समर्पण के साथ अपने जीवन में उतारा। यही कारण था कि वे अन्य शिष्यों की अपेक्षा एक आदर्श एवं श्रेष्ठ शिष्य माने गए। उन्होंने कहा कि गुरु के वचनों को जीवन में उतारने वाला शिष्य ही वास्तविक आध्यात्मिक प्रगति का अधिकारी बनता है।
उन्होंने आगे कहा कि हम सभी ने अपने पूज्य सद्गुरुदेव आशुतोष महाराज के दिव्य वचनों को अनेक बार सुना है, किंतु हमें स्वयं के भीतर झांककर यह विचार करना चाहिए कि हमने उन शिक्षाओं को अपने जीवन में कितना आत्मसात किया है। सद्गुरु पूर्ण हैं और वे अपने शिष्यों से भी पूर्ण सेवा, पूर्ण समर्पण एवं पूर्ण निष्ठा की अपेक्षा रखते हैं। जो साधक स्वयं को पूर्ण रूप से गुरु चरणों में समर्पित कर देता है, उसका जीवन सफल हो जाता है और उसका आध्यात्मिक बेड़ा पार हो जाता है। सत्संग का समापन प्रार्थना-भजन, दिव्य ध्यान-साधना एवं विश्व कल्याण की मंगलकामना के साथ हुआ। तत्पश्चात उपस्थित श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण किया गया।
दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान के सत्संग में उमड़े श्रद्धालु