एस.आर. पब्लिक स्कूल की बेटियों ने लहराया परचम, रिंकी बनीं असिस्टेंट कमिश्नर, खुशी का ग्रामीण बैंक में चयन

Daughters of S.R. Public School have made their mark, with Rinki becoming Assistant Commissioner and Khushi selected for the Rural Bank.

सहारनपुर। एस आर पब्लिक स्कूल, दिनारपुर, गागलहेड़ी की दो पूर्व छात्राओं ने अपनी मेहनत और लगन से क्षेत्र का नाम रोशन किया है। ख़ुशी धीमान का चयन क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक में कनिष्ठ सहयोगी के पद पर एवं रिंकी धीमान का चयन यूपीपीसीएस में सहायक आयुक्त (वाणिज्य कर) के पद पर हुआ है। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के उपलक्ष्य में विद्यालय प्रांगण में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक ललित कुमार शर्मा एवं अध्यक्ष अनिल कुमार ने दोनों छात्राओं को सम्मान-प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
ख़ुशी धीमान ने कहा, सफलता का कोई भी छोटा रास्ता नहीं होता। लगातार परिश्रम ही सफलता की कुंजी है। रिंकी धीमान ने अपने संबोधन में कहा, किसी भी लक्ष्य को प्राप्त करने के पीछे कई दिन-रात की मेहनत होती है। उसी मेहनत के बाद ही हम सफलता प्राप्त कर पाते हैं।
दोनों छात्राओं ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता तथा विद्यालय के सभी अध्यापक-अध्यापिकाओं के मार्गदर्शन को दिया।
स्कूल डायरेक्टर सचिन भारद्वाज ने कहा, हमारा प्रयास सदैव इस क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा एवं बेहतर भविष्य प्रदान करने का रहा है।
प्रबंधक ललित कुमार शर्मा ने कहा, कठिन परिश्रम और निरंतर अभ्यास से किसी भी मंजिल को प्राप्त किया जा सकता है। विद्यार्थी जीवन अनुशासन का जीवन है, और जो अनुशासन का पालन करता है वह किसी भी लक्ष्य को हासिल कर सकता है।प्रधानाचार्य हरीश शर्मा ने कहा, शिक्षा ही एकमात्र साधन है जिससे विद्यार्थी उच्च पद को प्राप्त कर सकता है। छात्राओं के माता-पिता ने भावुक होते हुए कहा, किसी भी माँ-बाप के लिए यह बड़े गौरव का क्षण होता है जब उनका बच्चा किसी कामयाबी को हासिल करता है। हमें अपने बच्चों और विद्यालय पर गर्व है। इस अवसर पर उपस्थित सभी अध्यापक-अध्यापिकाओं ने छात्राओं की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। स्कूल परिवार ने दोनों छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि ये उपलब्धियाँ आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का कार्य करेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *