सहारनपुर। कारगिल विजय दिवस की 27वीं वर्षगांठ के अवसर पर इसराना सैनिक भवन में भूतपूर्व सैनिक संगठन, इसराना द्वारा श्रद्धांजलि एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी एवं पूर्व राज्यमंत्री चौधरी नीरपाल सिंह को खेल जगत में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए पगड़ी पहनाकर, स्मृति चिन्ह भेंट करते हुए ष्खिलाड़ियों का गौरवष् सम्मान से सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए चौधरी नीरपाल सिंह ने कहा कि भारतीय सेना देश की आन, बान और शान है। कारगिल विजय दिवस पर उन्होंने मातृभूमि की रक्षा करते हुए सर्वाेच्च बलिदान देने वाले सभी वीर सैनिकों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने कहा कि देशवासी आज सुरक्षित और चौन की नींद इसलिए सो पाते हैं क्योंकि भारतीय सेना हर परिस्थिति में देश की सीमाओं की सुरक्षा के लिए पूरी मुस्तैदी से तैनात रहती है। उन्होंने कहा कि कारगिल युद्ध में भारतीय जवानों ने अदम्य साहस, शौर्य और पराक्रम का परिचय देते हुए दुश्मन को करारा जवाब दिया तथा विश्व पटल पर भारत की सैन्य शक्ति का लोहा मनवाया। उनके बलिदान और वीरता पर पूरे देश को गर्व है।
इस अवसर पर कर्नल रामकुमार, जाट सभा उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष मुकेश चौधरी, मेजर डी.एस. दहिया, कैप्टन डॉ. सतवीर सिंह, कैप्टन विजेंद्र जागलान, कैप्टन एस.के. सिंह, सूबेदार नवीन अहलावत सहित बड़ी संख्या में भूतपूर्व सैनिक, गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। समारोह में सभी ने कारगिल के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बलिदान को सदैव स्मरण रखने का संकल्प लिया।
कारगिल विजय दिवस पर चौ. नीरपाल सिंह ‘‘खिलाड़ियों का गौरव‘‘ सम्मान से सम्मानित