सहारनपुर। शहर के मोहल्ला आली सराय स्थित फैज अली गली नंबर-6 में रविवार को एक इलेक्ट्रिक स्कूटी की बैटरी फटने से भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पास में खड़े तीन अन्य वाहन भी इसकी चपेट में आ गए। हादसे में इन्वर्टर, बैटरी, घरेलू सामान और मकान की छत का लेंटर भी क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार मोहल्ला निवासी शाहिद मंसूरी के घर में खड़ी इलेक्ट्रिक स्कूटी की बैटरी अचानक फट गई, जिसके बाद स्कूटी में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने आसपास खड़े तीन अन्य वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया और घर के भीतर रखा इन्वर्टर, बैटरी सहित अन्य घरेलू सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे आग को आसपास के मकानों तक फैलने से रोक लिया गया। बताया जा रहा है कि शाहिद मंसूरी स्थानीय पार्षद इजहार मंसूरी के परिवार से जुड़े हैं।
फिलहाल बैटरी फटने के कारणों का पता नहीं चल सका है। घटना के बाद क्षेत्रवासियों में इलेक्ट्रिक वाहनों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि यदि इसी प्रकार की घटना सड़क पर वाहन चलाते समय होती, तो बड़ा हादसा हो सकता था। मामले की जांच के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।
इलेक्ट्रिक स्कूटी की बैटरी फटने से घर में लगी भीषण आग, चार वाहन जले