सहारनपुर। दिल्ली रोड स्थित डीआईजी कार्यालय परिसर की कई दशक पुरानी दीवार बुधवार को अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार के पास खड़ी तीन से चार कारें मलबे के नीचे दब गईं, जिससे वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दीवार गिरने के समय आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। एक कार मालिक ने बताया कि वह पास की दुकान से मिठाई लेने गया था और कुछ ही मिनट बाद लौटने पर उसकी कार मलबे के नीचे दबी मिली। यदि हादसे के समय वहां लोग खड़े होते तो बड़ा नुकसान हो सकता था।
सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंच गए। जेसीबी और अन्य संसाधनों की मदद से मलबे में दबी कारों को बाहर निकाला गया। सुरक्षा के मद्देनजर दीवार के आसपास खड़े रेहड़ी-फड़ी वालों को भी हटवा दिया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि गिरी हुई दीवार अंग्रेजों के समय की बनी हुई बताई जाती है, जो काफी मोटी और चौड़ी थी। घटना के बाद बची हुई दीवार के आसपास पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि कोई व्यक्ति या वाहन उसके नजदीक न जा सके। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन कई वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। प्रशासन द्वारा मामले की जांच कराई जा रही है और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
अचानक भरभराकर गिरी डीआईजी कार्यालय की दीवार, कई कारे क्षतिग्रस्त