सहारनपुर। गागलहेड़ी थाना क्षेत्र के इटावा गांव में एक शादी समारोह के दौरान दूल्हे के मौसा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने शादी में मौजूद कुछ युवकों पर मारपीट का आरोप लगाते हुए मामले को हत्या बताया है, जबकि पुलिस प्रथम दृष्टया मौत की वजह हार्ट फेल मान रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार इटावा गांव निवासी श्यामलाल के बेटे अनुज की शादी 14 मई को उनाली गांव निवासी अजब सिंह की बेटी के साथ थी। बारात उनाली गांव पहुंची थी, जिसमें वर्धमान कॉलोनी निवासी महिपाल (45) भी शामिल हुए थे। महिपाल दूल्हे के मौसा बताए गए हैं। बताया गया कि शादी समारोह में खाना चल रहा था। इसी दौरान कुछ युवकों ने मजाक में महिपाल का मोबाइल फोन छीन लिया। मोबाइल को लेकर महिपाल और युवकों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। परिजनों का आरोप है कि युवकों ने महिपाल के साथ मारपीट की और उनकी छाती पर लात-घूंसे मारे। घटना के कुछ समय बाद महिपाल की तबीयत बिगड़ने लगी और उन्हें सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई। महिपाल के भतीजे राजवीर सैनी के अनुसार परिजन उन्हें पहले पास के एक निजी डॉक्टर के यहां ले गए, जहां दवा देकर घर भेज दिया गया। रात करीब 10 बजे फिर उनकी हालत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गए। इसके बाद उन्हें सहारनपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। महिपाल अपने पीछे एक बेटा और एक बेटी छोड़ गए हैं। बेटी की शादी हो चुकी है। थाना पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला हार्ट फेल होने का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शादी की खुशियां मातम में बदलीः मोबाइल छीनने के विवाद में दूल्हे के मौसा की मौत