110 ग्राम चरस व 27 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्कर दबोचे

Two smugglers nabbed with 110 grams of charas and 27 grams of smack.

सहारनपुर। सहारनपुर पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन सवेरा-नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओरष् अभियान के तहत थाना मंडी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 110 ग्राम अवैध चरस और 27 ग्राम अवैध स्मैक (12 ग्राम स्मैक व 15 ग्राम कट) बरामद की है।
पुलिस उपमहानिरीक्षक, सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के नेतृत्व में जनपदभर में नशा तस्करों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर व क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक सतपाल सिंह भाटी के नेतृत्व में थाना मंडी पुलिस ने गुरुवार को चेकिंग और गश्त के दौरान मंडी समिति परिसर से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुस्तफा पुत्र सलीम निवासी अंसारियों वाली पट्टी, ग्राम चुनहैटी थाना रामपुर मनिहारान तथा तस्लीम पुत्र स्व. गफूर निवासी बड़ी मस्जिद वाली गली, ग्राम चुनहैटी थाना रामपुर मनिहारान के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार मुस्तफा के कब्जे से 110 ग्राम अवैध चरस, जबकि तस्लीम के पास से 27 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंक खंगाले जा रहे हैं, ताकि नशे के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें सामूहिक दुष्कर्म, गैंगस्टर एक्ट सहित अन्य मामले शामिल हैं। पुलिस ने दोनों को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक सतपाल सिंह भाटी, उपनिरीक्षक जगपाल सिंह, हेड कांस्टेबल विपिन कुमार, हेड कांस्टेबल महबूब अली तथा कांस्टेबल रवि कुमार की टीम शामिल रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *