सहारनपुर। थाना नानौता पुलिस ने चोरी की एक वारदात का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई 13,640 रुपये की नकदी तथा घटना में प्रयुक्त सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार 4 जुलाई 2026 को मोहल्ला सरावज्ञान निवासी राकेश कुमार ने थाना नानौता में तहरीर देकर बताया था कि उनकी दुकान के गल्ले से अज्ञात चोर 70 हजार रुपये चोरी कर ले गए हैं। शिकायत के आधार पर थाना नानौता में मुकदमा दर्ज किया गया। घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी गंगोह के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक ज्ञानेश्वर बौद्ध के नेतृत्व में गठित टीम ने 14 जुलाई की रात कार्रवाई करते हुए सल्फर रोड, नानौता से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वाजिद पुत्र उस्मान निवासी ग्राम सिरसला खेड़ा अफगान, थाना नकुड़ तथा शारिक पुत्र इमरान निवासी मोहल्ला छिपियान, खेड़ा अफगान, थाना नकुड़ के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई रकम में से 13,640 रुपये और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि करीब दस दिन पहले उन्होंने कस्बा नानौता के मुख्य बाजार स्थित रजत बेकरी के पास एक परचून की दुकान के गल्ले से भी करीब 25 हजार रुपये चोरी किए थे। वारदात को अंजाम देने से पहले वे मोटरसाइकिल से क्षेत्र की रेकी करते थे और मौका मिलने पर चोरी करते थे। चोरी की रकम का कुछ हिस्सा वे खर्च कर चुके थे, जबकि शेष नकदी पुलिस ने बरामद कर ली।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि दोनों गिरफ्तार आरोपी पहले से ही चोरी, गैंगस्टर, शस्त्र अधिनियम और अन्य आपराधिक मामलों में कई बार जेल जा चुके हैं। उनके विरुद्ध सहारनपुर जनपद के विभिन्न थानों में अनेक मुकदमे दर्ज हैं। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक ज्ञानेश्वर बौद्ध, उपनिरीक्षक जसपाल सिंह, हेड कांस्टेबल विक्रांत मान, कांस्टेबल सचिन कुमार तथा रिजर्व कांस्टेबल अकरम शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
दो शातिर चोर गिरफ्तार, नकदी और बाइक बरामद