सहारनपुर। सहारनपुर फुटबॉल एसोसिएशन के सचिव एवं अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी समीर खान ने जानकारी देते हुए बताया कि गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी “6वां सहारनपुर फुटबॉल कप 2026” का आयोजन 6 एवं 7 जून 2026 को डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में किया जाएगा। प्रतियोगिता के अंतर्गत अंडर-14 एवं अंडर-19 बालक वर्ग के मुकाबले आयोजित होंगे।
उन्होंने बताया कि इस टूर्नामेंट में सहारनपुर जनपद के विद्यालयों की टीमें तथा सहारनपुर मंडल एवं आसपास के जिलों की विभिन्न फुटबॉल टीमें प्रतिभाग करेंगी। हर वर्ष की तरह इस बार भी खिलाड़ियों को अपने खेल कौशल एवं प्रतिभा को निखारने का अवसर मिलेगा।
सचिव समीर खान ने बताया कि इस प्रतियोगिता में कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी शामिल होंगे। विशेष रूप से सहारनपुर के उभरते खिलाड़ी आरव दीप सैनी, जिन्होंने मार्च 2026 में स्पेन के बार्सिलोना में मिनर्वा अकादमी का प्रतिनिधित्व करते हुए शानदार प्रदर्शन किया था तथा लिवरपूल जैसी टीम के विरुद्ध 6-0 की ऐतिहासिक जीत में हिस्सा लिया था, वह भी इस प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
उन्होंने कहा कि सहारनपुर फुटबॉल एसोसिएशन द्वारा आयोजित यह टूर्नामेंट वर्ष में एक बार आयोजित किया जाता है और इस वर्ष इसका छठा संस्करण आयोजित किया जा रहा है, जिसकी तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि जनपद के प्रत्येक खिलाड़ी को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया जाएगा। अंडर-14 वर्ग के खिलाड़ियों की जन्मतिथि 1 जनवरी 2012 के बाद तथा अंडर-19 वर्ग के खिलाड़ियों की जन्मतिथि 1 जनवरी 2008 के बाद होना अनिवार्य होगी। दोनों वर्गों के लीग मुकाबले 6 जून 2026 को आयोजित किए जाएंगे, जबकि क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल एवं फाइनल मुकाबले 7 जून 2026 को खेले जाएंगे। टूर्नामेंट में बेस्ट डिफेंडर, बेस्ट स्ट्राइकर, बेस्ट गोलकीपर एवं बेस्ट गोल स्कोरर ऑफ द टूर्नामेंट के पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे। साथ ही सहारनपुर फुटबॉल एसोसिएशन द्वारा विजेता टीमों को नकद पुरस्कार प्रदान करने का भी प्रयास किया जा रहा है।
यह सभी निर्णय सहारनपुर फुटबॉल एसोसिएशन की आयोजित बैठक में लिए गए। बैठक में उत्तर प्रदेश फुटबॉल संघ के उपाध्यक्ष एवं सहारनपुर फुटबॉल संघ के अध्यक्ष मोहम्मद तय्यब, कोषाध्यक्ष जाकिर अंसारी, उपाध्यक्ष आशुतोष कुमार, संयुक्त सचिव डॉ. नितिन कुमार, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रविन्द्र, कोऑर्डिनेटर यशपाल, मीडिया कोऑर्डिनेटर मोहम्मद अकरम सहित अंकित कुमार, निशांत कुमार, चेतन शर्मा आदि सदस्य उपस्थित रहे।
सहारनपुर फुटबॉल कप का छठा संस्करण 6-7 जून को, मंडल भर की टीमें लेंगी हिस्सा