- डॉक्टरों ने जीईआरडी और न्यूरो सर्जरी की आधुनिक तकनीकों पर साझा किए विचार
सहारनपुर। एसोसिएशन ऑफ फिजिशियन ऑफ इंडिया (ए.पी.आई.) सहारनपुर ब्रांच की मासिक वैज्ञानिक गोष्ठी का भव्य आयोजन अंबाला रोड स्थित एक होटल के सभागार में किया गया। इस गोष्ठी में मुख्य वक्ता के रूप में पहुंचे गैस्ट्रोएन्टीरोलोजिस्ट डॉ. रजत बंसल और वरिष्ठ न्यूरो-सर्जन डॉ. रवि ठक्कर ने चिकित्सा क्षेत्र की आधुनिक तकनीकों और गंभीर बीमारियों के लक्षणों पर अपने महत्वपूर्ण विचार साझा किए।
विशिष्ट गैस्ट्रोएन्टीरोलोजिस्ट डॉ. रजत बंसल ने जी.ई.आर.डी बीमारी पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस बीमारी के मरीजों में दिल में जलन, खाना वापस मुंह में आना, एसिडिटी, लगातार गला खराब रहना और सूखी खांसी जैसे प्रमुख लक्षण दिखाई देते हैं। डॉ. बंसल ने डॉक्टरों और मरीजों को सचेत करते हुए कहा कि यदि 12 हफ्ते तक लगातार दवा (मेडिसिन) लेने के बाद भी मरीज को आराम नहीं मिलता है, तो तुरंत उचित जांच करानी चाहिए ताकि बीमारी के सही कारण का पता लगाया जा सके।
वरिष्ठ न्यूरो-सर्जन डॉ. रवि ठक्कर ने क्रेनियो-वर्टिबरल जंक्शन की चोट और उसके उपचार पर व्याख्यान दिया। उन्होंने कहा कि इस जंक्शन की चोट की सर्जरी में बहुत ज्यादा सावधानी बरतने की आवश्यकता होती है। चूंकि इस हिस्से में शरीर की बेहद महत्वपूर्ण और संवेदनशील नसें होती हैं, इसलिए जरा सी भी असावधानी से नस कटने का गंभीर खतरा बना रहता है। आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल से अब इन सर्जरी को अधिक सुरक्षित बनाया जा रहा है।
ए.पी.आई. के अध्यक्ष डॉ. कलीम अहमद ने गोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि जी.ई.आर.डी. या हाइपर-एसिडिटी से पीड़ित मरीजों को अपने खान-पान को लेकर बेहद सतर्क रहना चाहिए। उन्हें ज्यादा तली-भुनी, चटपटी और मिर्च-मसालेदार चीजों के सेवन से पूरी तरह बचना चाहिए। इसके साथ ही शराब और धूम्रपान का सेवन बिल्कुल न करें, 7 से 8 घंटे की पर्याप्त नींद लें और बिना डॉक्टर की सलाह के दर्द-निवारक (पेन किलर्स) दवाइयों का इस्तेमाल कतई न करें। इससे पूर्व कार्यक्रम की शुरुआत में सचिव डॉ. विकास अग्रवाल ने सभी आगंतुक अतिथियों और डॉक्टरों का गर्मजोशी से स्वागत किया। मंच का सफल संचालन वैज्ञानिक सचिव डॉ. सौम्या जैन द्वारा किया गया। इस अवसर पर सहारनपुर के कई वरिष्ठ और प्रतिष्ठित चिकित्सक उपस्थित रहे, जिनमें मुख्य रूप से डॉ. अनुपम मलिक, डॉ. नरेश नौसरान, डॉ. प्रवीण शर्मा, डॉ. रजनीश दहूजा, डॉ. प्रवीण मित्तल, डॉ. अनिल मलिक, डॉ. सुधीर अग्रवाल, डॉ. अतुल जैन, डॉ. विजय अग्रवाल, डॉ. प्रवीण चावला और डॉ. प्रतीक गांधी सहित अनेक डॉक्टर्स शामिल रहे।
एसोसिएशन ऑफ फिजिशियन ऑफ इंडिया की वैज्ञानिक गोष्ठी