लायंस क्लब सेंट्रल ने चार्टर्ड अकाउंटेंट दिवस पर देश के आर्थिक कर्णधारों को किया सम्मानित, नए लायन वर्ष का हुआ शुभारंभ

Lions Club Central honors economic leaders of the country on Chartered Accountants Day, launches New Lion Year

सहारनपुर। लायन्स क्लब सहारनपुर सेंट्रल के सदस्यों द्वारा नव लायन वर्ष 2026-27 के शुभारंभ के अवसर पर विश्व चार्टर्ड अकाउंटेंट दिवस की श्रृंखला के अंतर्गत शहर के प्रतिष्ठित चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को सम्मानित किया गया। शनिवार को आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में लायन्स क्लब इंटरनेशनल मंडल 321 सी-1 के मंडलाध्यक्ष पी.एम.जे.एफ. लायन आदित्य गुप्ता के निर्देशानुसार देश के आर्थिक विकास में सीए के अमूल्य योगदान को सराहा गया। कार्यक्रम के दौरान लायन्स क्लब के पदाधिकारियों ने शहर के वरिष्ठ सी.ए. डी.एस. जुनेजा, सी.ए. गगनदीप सिंह और सी.ए. कवर दीप सिंह को माल्यार्पण कर एवं मंडल से प्राप्त विशेष सम्मान पत्र भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर वरिष्ठ सीए एवं लायन सदस्य डी.एस. जुनेजा ने सीए दिवस के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि देश के सबसे पुराने पेशेवर संस्थानों में से एक, इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया की स्थापना के उपलक्ष्य में हर साल 1 जुलाई को सीए दिवस मनाया जाता है। भारत की संसद द्वारा वर्ष 1949 में स्थापित आईसीएआई दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा लेखा और वैधानिक निकाय होने के साथ-साथ भारत का राष्ट्रीय पेशेवर लेखा निकाय है। दुनिया भर में आईसीएआई के लगभग ढाई लाख से अधिक सदस्यों के समर्पण को सम्मानित करने के लिए यह दिन प्रतिवर्ष मनाया जाता है।
क्लब के अध्यक्ष लायन मंजीत सिंह एवं कोषाध्यक्ष लायन सुनील पुरी ने संयुक्त रूप से कहा कि चार्टर्ड अकाउंटेंट को भारत में सबसे सम्मानित और महान व्यवसायों में से एक माना जाता है। सीए हमारे देश के आर्थिक विकास की रीढ़ हैं और देश की वित्तीय व्यवस्था को पारदर्शी व सुदृढ़ बनाने में बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। भारत के विकास में उनके इसी योगदान को नमन करने के लिए लायन्स क्लब ने यह सम्मान समारोह आयोजित किया है। इस सम्मान समारोह के अवसर पर मुख्य रूप से क्लब के अध्यक्ष मंजीत सिंह, कोषाध्यक्ष सुनील पुरी, सीए डी.एस. जुनेजा, सीए गगनदीप सिंह, संजय भसीन, दानिश और गौरव धीमान सहित लायन्स क्लब के कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *