रालोद ने मनाई चौधरी अजीत सिंह की 5वीं पुण्यतिथि, हवन-यज्ञ कर दी श्रद्धांजलि

RLD celebrates 5th death anniversary of Chaudhary Ajit Singh, pays tribute with havan and yagya

सहारनपुर। राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के संस्थापक, पूर्व केंद्रीय मंत्री और किसानों के मसीहा स्वर्गीय चौधरी अजीत सिंह जी की 5वीं पुण्यतिथि बुधवार (6 मई, 2026) को जनपद सहारनपुर में श्रद्धापूर्वक मनाई गई। दिल्ली रोड स्थित पार्टी के जिला कार्यालय पर आयोजित इस कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने पुण्य आत्मा की शांति के लिए हवन-यज्ञ किया। इसके पश्चात उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस अवसर पर आयोजित विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष शाहजमा खान और प्रदेश महासचिव चौधरी धीर सिंह ने कहा कि चौधरी अजीत सिंह ईमानदारी और सादगी की मिसाल थे। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन गांव, गरीब, किसान और मजदूरों के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया। वक्ताओं ने विशेष रूप से उनके कार्यकाल की उपलब्धियों को याद करते हुए बताया कि उद्योग मंत्री रहते हुए उन्होंने दो चीनी मिलों के बीच की दूरी को 25 किलोमीटर से घटाकर 15 किलोमीटर करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया था। इसी फैसले के कारण पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 40 नई चीनी मिलों की स्थापना संभव हुई, जिससे आज गन्ना किसान खुशहाल है।
साथ ही, कृषि मंत्री के रूप में वे ब्राजील से गन्ने के रस से एथेनॉल तैयार करने का फॉर्मूला भारत लेकर आए। इस तकनीक से आज न केवल गन्ना किसानों को लाभ मिल रहा है, बल्कि देश की विदेशी मुद्रा की भी बचत हो रही है। गोष्ठी में मुख्य रूप से प्रदेश सचिव चौधरी अय्यूब हसन, क्षेत्रीय महासचिव रमेश चौहान, एडवोकेट महावीर सैनी, क्षेत्रीय सचिव मनोज वर्मा, महानगर अध्यक्ष भूषण चौहान, और एससी प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष जसमेर प्रधान उपस्थित रहे। इनके अलावा मेहरबान प्रधान, ठाकुर प्रमोद प्रधान, ठाकुर मूलचंद सिंह, चौधरी यशवीर सिंह, गजेंद्र सिंह, पार्षद पति भूरा मलिक, प्रीतम सैनी एडवोकेट, दिनेश शर्मा, शाहजाद मलिक (नगर अध्यक्ष ननौता), नेत्रपाल कश्यप (नगर अध्यक्ष सरसावा), प्रवेश कश्यप, संजय कंबोज, डॉ. अनिल सैनी, मोहम्मद इमरान, सलीम खान, नाजिम खान और शाहनवाज सहित बड़ी संख्या में रालोद कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *