सहारनपुर। थाना कुतुबशेर क्षेत्र स्थित ग्राम भाऊपुर निवासी सत्यपाल सिंह ने पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) सहारनपुर परिक्षेत्र को प्रार्थना पत्र देकर खुद को एक मामले में निर्दाेष बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। सत्यपाल सिंह का कहना है कि उन्हें 19 मई 2026 को सदर बाजार थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। उनके अनुसार, उन पर आरोप लगाया गया कि वे डीआईजी कार्यालय के बाहर सांसद इकरा हसन समेत अन्य लोगों के साथ रोड जाम, हंगामा एवं सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने की घटना में शामिल थे।
प्रार्थी ने अपने पत्र में दावा किया है कि घटना के समय वह उक्त प्रदर्शन या रोड जाम का हिस्सा नहीं थे। उनका कहना है कि उन्हें सूचना मिली थी कि उनके भतीजे को पुलिस सदर बाजार थाने ले गई है, जिसके बाद वह केवल जानकारी लेने थाने पहुंचे थे। वहां मौजूद कुछ लोगों के बीच पुलिस द्वारा पूछताछ के दौरान उन्होंने अपना नाम बताया, जिसके बाद उन्हें भी अन्य लोगों के साथ मामले में शामिल कर जेल भेज दिया गया।
सत्यपाल सिंह ने कहा कि इस कार्रवाई से उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा, आर्थिक स्थिति तथा मानसिक रूप से भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने डीआईजी से मांग की है कि घटना के समय की जीपीएस लोकेशन, सीसीटीवी फुटेज, वीडियो रिकॉर्डिंग एवं अन्य साक्ष्यों की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि उनकी भूमिका नहीं पाई जाती है, तो उनका नाम मुकदमे से हटाया जाए।
थाने में भतीजे की सुध लेने पहुंचे व्यक्ति को पुलिस ने भेजा जेल