सहारनपुर। जनपद सहारनपुर में निपुण संकल्प कार्यशाला सम्पन्न हो गई। बेसिक शिक्षा विभाग में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को धरातल पर लागू करने के उद्देश्य से राज्य परियोजना कार्यालय के निर्देश पर जनपद सहारनपुर एवं शामली के खण्ड शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक, डाइट मेंटर, एस. आर. जी, ए.आर.पी. वरिष्ठ प्रवक्ता डायट, की निपुण संकल्प कार्यशाला का आयोजन होटल के. आर. प्लाजा में किया गया। कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान, मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक बेसिक मंडल सहारनपुर राजेश कुमार सिंह, कु. कोमल, संतोष कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहारनपुर एवं शामली ने कार्यशाला का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन करते हुए किया। उद्घाटन के अवसर पर जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान द्वारा कहा गया कि बच्चों को उनकी भाषा समृद्ध करने के लिए हर दिन कुछ नए शब्दों पर चर्चा करेंगे तो शब्द भंडार और उनके प्रति समझ भी विकसित होगी, प्रत्येक विद्यालय में अखबार पठन को धरातल पर प्रत्येक स्कूल में उतारने की आवश्यकता है, शिक्षक और छात्र का वह संबंध है कि यदि एक बच्चा सफल होता है तो सबसे ज्यादा प्रसन्नता उसके शिक्षक एवं अभिभावक को होती है, एवं छात्र किसी भी उच्च पद पर पहुंच जाए फिर भी वह अपने शिक्षकों का सबसे ज्यादा सम्मान आज भी समाज मे करता है, टीचर्स का बच्चों के साथ सक्रिय संवाद से हमारा सीखना बेहतर होता है। सभी इस कार्यशाला की सीख प्रत्येक विद्यालय तक पहुंचा कर ऐसे सभी बच्चों की मदद करेंगे जो सीखने में पिछड़ रहे हैं। विशेष रूप से ग्रामीण अभिभावकों को भी जागरूक करने की आवश्यकता है। मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक द्वारा भाषा का महत्व समझाते हुए कहा कि भाषायी समझ जिसके जीवन में प्रभावी हो जाती है वह जीवन के कार्यों को सहजता से पूर्ण कर सकता है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहारनपुर ने , जिलाधिकारी को सहारनपुर क्षेत्र की हस्तकला वुड कारपिंग की पहचान मोमेंटो स्मृति चिन्ह घड़ी दी गई, एवं कार्यशाला पर प्रकाश डालते हुए अवगत कराया गया कि विद्यालय में शैक्षिक गुणवत्ता को बढ़ावा देने हेतु 10 पॉइंट टूल्स, कैच अप कार्यक्रम, शिक्षण अधिगम सामग्री इत्यादि के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जा रही है एवं आज के प्रशिक्षण सत्र में शिक्षा की गुणवत्ता को बढ़ाने एवं अधिगम स्तर प्राप्त करने हेतु कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है, साथ ही अवगत कराया गया कि बच्चे बचपन में कक्षा एक एवं दो में पढ़ने के लिए सीखते हैं वही बड़े होकर सीखने के लिए पढ़ते हैं। यही निपुण भारत मिशन की संकल्पना है। राज्य परियोजना कार्यालय के प्रतिनिधि के रूप में लखनऊ से आए निपुण सेल टीम के संदर्भ दाता शुभम एवं जुनैद द्वारा कार्यशाला में एन बी एम सी पोर्टल के प्रयोग, नवीन निपुण लक्ष्य, विभिन्न बैठकों का आयोजन, प्रिंट रिच सामग्री का उपयोग आदि बिंदुओं पर चर्चा की। शुभम द्वारा बाल वाटिका के उपयोग एवं संचालन पर चर्चा की। कार्यशाला का संचालन करते हुए ए. आर. पी. गोपाल शर्मा एवं प्रवीण चौधरी ने विस्तार से कार्यशाला के एजेंडा पर चर्चा की। कार्यक्रम के समापन के अवसर पर जिला बेसिक शिक्षाधिकारी सहारनपुर द्वारा सभी अधिकारियों, प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि कार्यशाला के बाद निश्चित रूप से सभी प्रतिभागी ऊर्जावान महसूस कर रहे होंगे, एवं सभी अधिकारियों शिक्षकों को निपुण संकल्प शपथ ग्रहण कराया गया कि हम अपने ब्लॉक एवं जनपद को निपुण जनपद बनाएंगे। कार्यशाला में जिला बेसिक शिक्षाधिकारी शामली द्वारा सभी शिक्षकों से अपेक्षा की कि जनपद को निपुण जनपद बनाने हेतु हम सभी संकल्प लें एवं विभागीय आदेशों का अनुपालन करते हुए समस्त विद्यालयों को निपुण बनाना सुनिश्चित करेंगे। कार्यशाला के सफल आयोजन में जिला समन्वयक अरविंद कुमार सिंह, मोहम्मद फहीम, श्रेया पटवा, विकास कुमार सौरभ पांडे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सहारनपुर जनपद में निपुण संकल्प कार्यशाला सम्पन्न