सहारनपुर। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणामों में इस बार सहारनपुर की बेटियों ने अपनी मेधा का लोहा मनवाया है। जिले की मेरिट सूची में शीर्ष तीनों स्थानों पर छात्राओं ने कब्जा जमाकर यह साबित कर दिया कि लक्ष्य के प्रति समर्पण हो तो सफलता कदम चूमती है।
देवबंद स्थित दून वैली स्कूल की छात्रा नंदिनी कुशवाहा ने जिले में सर्वाेच्च स्थान प्राप्त किया है। नंदिनी ने ह्यूमैनिटीज (मानविकी) वर्ग में 98.6 प्रतिशत अंक हासिल कर ओवरऑल जिला टॉपर बनने का गौरव प्राप्त किया। उनकी इस ऐतिहासिक सफलता पर स्कूल प्रबंधन और उनके परिवार में जश्न का माहौल है। जिले की टॉप-3 सूची में छात्राओं के नाम प्रथमः नंदिनी कुशवाहा (दून वैली स्कूल, देवबंद)-98.6 प्रतिशत, द्वितीयः सिमर (सरस्वती विहार स्कूल) – 98.2 प्रतिशत (कॉमर्स वर्ग), तृतीयः हर्षिता (पाइनवुड स्कूल)- 98 प्रतिशत रहे। विभिन्न विषयों में भी छात्र-छात्राओं ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। कॉमर्स वर्ग में सिमर अव्वल रहीं, जबकि साइंस (मैथ्स) वर्ग में आशा मॉडर्न पब्लिक स्कूल के संयम गुप्ता ने 96 प्रतिशत अंक पाकर सफलता का परचम लहराया। वहीं, साइंस (बायोलॉजी) वर्ग में सरस्वती विहार स्कूल की नैना आर्य ने 96 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा साबित की।
जिला समन्वयक डॉ. दिव्य जैन ने बताया कि सहारनपुर जिले में सीबीएसई से संबद्ध कुल 119 स्कूल हैं। इस वर्ष 12वीं की परीक्षा में कुल 8143 विद्यार्थी सम्मिलित हुए थे। जिले का कुल परीक्षा परिणाम काफी संतोषजनक रहा है और अधिकांश छात्र-छात्राओं ने सम्मानजनक अंक प्राप्त किए हैं। रिजल्ट घोषित होते ही छात्र-छात्राएं और अभिभावक मिठाई के डिब्बे लेकर स्कूलों में पहुंचने लगे। स्कूलों में ढोल-नगाड़ों और मिठाइयों के साथ मेधावियों का स्वागत किया गया। शिक्षकों ने टॉपर्स को मिठाई खिलाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। जिले के शीर्ष स्थानों पर बेटियों की इस जीत को पूरे समाज के लिए एक प्रेरणादायक संदेश माना जा रहा है।
देवबंद की नंदिनी कुशवाहा बनीं जिला टॉपर, 98.6 प्रतिशत अंकों के साथ जिले में लहराया परचम