दोस्ती को कलंकित करने वाली वारदात, मां की सहेली ने ही 14 वर्षीय अंशुमन को नहर में डुबोकर मारा

In an incident that tarnished friendship, 14-year-old Anshuman was drowned in a canal by his mother's friend.

सहारनपुर। थाना नगर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत केशव नगर (नुमाइश कैंप) में इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। यहाँ एक महिला ने अपने ही पड़ोस और गहरी दोस्ती के रिश्ते को दरकिनार करते हुए 14 वर्षीय बालक अंशुमन की बड़ी नहर में डुबोकर बेरहमी से हत्या कर दी। मनोनीत पार्षद राहुल झांब की सक्रियता और पुलिस की तत्परता से तीन दिनों के भीतर इस सनसनीखेज मामले का खुलासा हो सका।
दोपहर 1ः00 बजे 14 वर्षीय अंशुमन अचानक अपने घर से लापता हो गया। परिजनों द्वारा काफी तलाश करने के बाद जब उसका कोई सुराग नहीं लगा, तो नगर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई गई। पार्षद राहुल झांब के हस्तक्षेप और पुलिस प्रशासन की जांच में सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। फुटेज में पड़ोसी महिला पूजा बालक अंशुमन को अपनी एक्टिवा पर बैठाकर ले जाती हुई दिखाई दी।
पुलिस ने संदेह के आधार पर पूजा को हिरासत में लिया। शुरुआत में वह पुलिस को गुमराह करती रही, लेकिन कड़ी पूछताछ के बाद उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि उसने अंशुमन को बड़ी नहर में धक्का देकर डुबो दिया था। गोताखोरों के सर्च ऑपरेशन के बाद सुबह 5ः00 बजे अंशुमन का शव बरामद हुआ। शव मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
मनोनीत पार्षद राहुल झांब इस मामले में लगातार सक्रिय रहे और पुलिस अधिकारियों से गहन जांच के लिए संपर्क साधे रखा। हत्या की पुष्टि होने के बाद, नगर विधायक राजीव गुंबर के हस्तक्षेप पर शव का त्वरित पोस्टमार्टम कराया गया। रविवार को नुमाइश कैंप स्थित श्मशान घाट में गमगीन माहौल में अंशुमन का अंतिम संस्कार कर दिया गया। अंशुमन की मां और आरोपी महिला पूजा के बीच गहरी दोस्ती थी। ऐसे में इस जघन्य अपराध के पीछे का असली कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। चर्चा है कि यह मामला किसी लेन-देन (आर्थिक विवाद) का हो सकता है या फिर किसी पुरानी रंजिश का। पुलिस का कहना है कि विस्तृत जांच के बाद ही हत्या के सटीक कारणों का पता चल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *