केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर सर्किट हाउस में भव्य विकास प्रदर्शनी का समापन

Grand development exhibition marking the completion of 12 years of the Central Government concludes at the Circuit House.

सहारनपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफल नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सर्किट हाउस परिसर में 17 जून से 20 जून तक भव्य विकास प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस चार दिवसीय प्रदर्शनी में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, तकनीकी नवाचारों, सुरक्षा व्यवस्थाओं तथा महिला सशक्तिकरण से संबंधित गतिविधियों का प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शनी में जनपद के आंतरिक सुरक्षा मॉडल का विशेष डेमोस्ट्रेशन एवं प्रदर्शन किया गया, जिसे आगंतुकों द्वारा अत्यंत सराहा गया। जनपद में कानून-व्यवस्था एवं नागरिक सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने हेतु विभिन्न सुरक्षा इकाइयों द्वारा अपनाई जा रही आधुनिक तकनीकों एवं कार्यप्रणालियों की जानकारी आमजन को प्रदान की गई। इस अवसर पर बम निरोधक एवं निस्तारण दस्ता टीम एवं डॉग स्क्वाड, यातायात पुलिस, अग्निशमन सेवा, डायल-112, ड्रोन कैमरा स्क्वाड, रेडियो संचार टीम, साइबर अपराध सेल, सर्विलांस यूनिट, फोरेंसिक यूनिट, दंगा नियंत्रण दस्ता तथा स्थानीय अभिसूचना इकाई द्वारा अपने-अपने स्टॉल स्थापित कर उपकरणों, संसाधनों एवं कार्यप्रणाली का प्रदर्शन किया गया। विभिन्न इकाइयों द्वारा सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन से संबंधित लाइव डेमोस्ट्रेशन भी प्रस्तुत किए गए, जिनमें नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रदर्शनी में समाज कल्याण विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी प्रदर्शित की गई। वहीं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा निर्मित हस्तशिल्प, खाद्य उत्पाद, वुडेन हेंडीक्राफ्ट, परिधान एवं अन्य उत्कृष्ट उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय किया गया। महिला समूहों के उत्पादों को आगंतुकों द्वारा विशेष रूप से सराहा गया तथा महिला उद्यमिता और आत्मनिर्भरता के प्रयासों की प्रशंसा की गई। प्रदर्शनी के दौरान जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्थानीय नागरिकों द्वारा सभी स्टॉलों का भ्रमण किया गया तथा संबंधित विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों, उपलब्धियों एवं योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की गई। आगंतुकों ने प्रदर्शनी को शासन की उपलब्धियों एवं जनहितकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने का प्रभावी माध्यम बताया। यह विकास प्रदर्शनी जनपदवासियों को शासन की उपलब्धियों, सुरक्षा तंत्र की आधुनिक व्यवस्थाओं तथा महिला सशक्तिकरण एवं स्वरोजगार के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों से अवगत कराने में अत्यंत सफल रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *