सहारनपुर। सहारनपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक द्वारा मादक पदार्थों व नशे के अवैध कारोबार और प्रतिबंधित दवाओं की तस्करी पर प्रभावी रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन सवेरा” (नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर) को एक और बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण व क्षेत्राधिकारी गंगोह के निकट पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक थाना गंगोह के कुशल नेतृत्व में गंगोह पुलिस टीम ने आज दिनांक 12 जुलाई 2026 को गश्त और चेकिंग के दौरान एक शातिर नशा तस्कर को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है।
पुलिस टीम ने ग्राम खानपुर ताताहेड़ी चौराहे से अभियुक्त मुकरीम पुत्र इस्लाम, निवासी ग्राम धलापड़ा, थाना गंगोह, जिला सहारनपुर को दबोचा। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से भारी मात्रा में 320 ग्राम स्मैक, 01 तमंचा 315 बोर, 02 जिंदा कारतूस और घटना में इस्तेमाल की जा रही बिना नंबर प्लेट की एक बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल बरामद की है। इस गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना गंगोह में अभियुक्त के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
पुलिस पूछताछ में अभियुक्त मुकरीम ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उसने बताया कि वह और उसका एक अन्य साथी खुद भी स्मैक का नशा करते हैं और दोनों मिलकर पार्टनरशिप में स्मैक बेचने का अवैध धंधा करते हैं। बरामद की गई स्मैक को वे दोनों मोटरसाइकिल पर सवार होकर आने-जाने वाले लोगों को बेचने जा रहे थे। इसी बीच पुलिस को सामने देखकर उसका साथी मोटरसाइकिल से उतरकर मौके से फरार हो गया, जबकि पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मुकरीम को पकड़ लिया। अभियुक्त ने यह भी कुबूल किया कि बरामद तमंचा और कारतूस वह अपनी सुरक्षा और आम लोगों को डराने-धमकाने के उद्देश्य से अपने पास रखता था।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त मुकरीम एक शातिर और हिस्ट्रीशीटर किस्म का अपराधी है, जिसके खिलाफ सहारनपुर के विभिन्न थानों में चोरी, डकैती, जानलेवा हमला (धारा 307) और गैंगस्टर एक्ट जैसे गंभीर अपराधों के कुल 17 मुकदमे दर्ज हैं। इसमें थाना गंगोह में 6 मुकदमे, थाना मिर्जापुर में 2 मुकदमे (गैंगस्टर सहित), थाना नकुड़ में 1 मुकदमा और थाना नानौता में 7 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि एक मुकदमा थाना रामपुर मनिहारान में दर्ज है।
फिलहाल पुलिस द्वारा पकड़े गए अभियुक्त मुकरीम के मादक पदार्थों के इस अवैध नेटवर्क से जुड़े श्फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक्सश् (आगे और पीछे के संपर्कों) की गहनता से जांच की जा रही है, ताकि नशे के इस काले कारोबार की पूरी चेन को ध्वस्त किया जा सके। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्यवाही पूरी कर उसे समय से माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है, तथा फरार साथी की तलाश में दबिश दी जा रही है।
320 ग्राम स्मैक और अवैध असलहे के साथ शातिर नशा तस्कर मुकरीम गिरफ्तार