गिल कॉलोनी में ढमोला किनारे चल रही अवैध पंजाबी डेयरी के निर्माण पर चला नगर निगम का बुलडोजर

The Municipal Corporation's bulldozer razed the illegal 'Punjabi Dairy' being constructed along the banks of the Dhamola in Gill Colony.

Nazia Naaznazianaaz62Edit Profile

सहारनपुर। नगर निगम ने आज एक बड़ी कार्रवाई करते हुए गिल कॉलोनी में ढमोला किनारे स्थित पंजाबी डेरी के अवैध निर्माण को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया। ध्वस्तीकरण की यह कार्रवाई लिखित रुप से शपथपत्र में डेरी स्वामी द्वारा दी गयी सहमति के बाद की गयी।
गिल कॉलोनी में ढमोला किनारे अमरजीत सिंह द्वारा अवैध रुप से एक पशु डेरी का संचालन किया जा रहा था। डेरी संचालन के लिए डेरी स्वामी द्वारा अवैध रुप से एक ढांचा भी वहां खड़ा कर लिया गया था। डेरी के पशुओं का गोबर नदी में बहाये जाने पर नगर निगम के पशु चिकित्साधिकारी द्वारा भी कई बार डेरी का चालान कर भारी जुर्माना लगाया जा चुका था। डेरी के अवैध ढांचे के कारण नदी की सफाई में भी बार-बार व्यवधान आ रहा था। जिस पर डेरी स्वामी को नगर निगम द्वारा कई बार नोटिस देकर व मौखिक रुप से उक्त स्थल से डेरी शिफ्ट करने के लिए कहा गया था।
इसके अलावा पूर्व में निगम अधिकारियों एवं महापौर द्वारा उक्त स्थल का भ्रमण करते हुए डेरी स्वामी को डेरी हटाने के लिए चेतावनी दी गयी थी। लेकिन डेरी स्वामी द्वारा हर बार समय देने की मांग की जाती रही। बार-बार की चेतावनियों व जुर्माने की कार्रवाई के बाद भी डेरी न हटाने पर आज नगरायुक्त शिपू गिरि के निर्देश पर सहायक अतिक्रमण प्रभारी सुधीर शर्मा तथा निगम के पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ.संदीप मिश्रा जेसीबी व निगम के वाहन लेकर गिल कॉलोनी पहुंचे और डेरी से पशुओं को हटाने को कहा।
सुधीर शर्मा ने बताया कि डेरी स्वामी द्वारा आनाकानी करने पर निगम द्वारा डेरी के पशु जब्त करने की कार्रवाई शुरु की गयी तो डेरी स्वामी स्वयं डेरी से पशुओं को अन्यत्र शिफ्ट करने पर तैयार हो गया। डेरी स्वामी ने एक शपथ पत्र देकर निगम अधिकारियों को आश्वस्त किया कि वह 25 जून तक डेरी में जितने भी पशु है उन्हें दूसरे स्थान पर शिफ्ट कर लेगा। डेरी स्वामी ने शपथ पत्र में यह भी सहमति दी कि डेरी के भीतर पुराने खण्डहर मकान व टीन के ढांचे को यदि नगर निगम तोड़ता है तो उसे कोई आपत्ति नहीं होगी।
सहायक अतिक्रमण प्रभारी ने बताया कि डेरी स्वामी की इस सहमति के बाद निगम द्वारा जब्त किये गए पशु इस शर्त के साथ लौटा दिए गए कि 25 जून तक उन्हें अन्यत्र शिफ्ट कर दिया जायेगा और डेरी का अवैध ढंाचा जेसीबी से ध्वस्त कर दिया गया। उन्होंने बताया कि महापौर व नगरायुक्त के निर्देश पर ढमोला किनारे किये गए अवैध अतिक्रमण को चिहिृत कर उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जायेगी। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा अधिकारी हरि प्रकाश कसाना, प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल एच बी गुरुंग व प्रवर्तन दल के जवान भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *