सहारनपुर। आगामी श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) सहारनपुर रेंज की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों ने भाग लिया। बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों की निगरानी, कांवड़ मार्गों पर पुलिस व्यवस्था, विभिन्न विभागों के बीच समन्वय, श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जाने वाली मूलभूत सुविधाएं तथा आपातकालीन व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों ने यात्रा को सुचारु एवं सुरक्षित बनाने के लिए किए गए इंतजामों पर भी चर्चा की।
पुलिस उपमहानिरीक्षक ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक स्तर पर सतर्कता, अनुशासन और बेहतर समन्वय बनाए रखा जाए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहें, कांवड़ मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखें तथा यातायात संचालन को निर्बाध बनाए रखने के लिए प्रभावी कदम उठाएं। बैठक में संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने, किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर तत्काल कार्रवाई करने तथा सोशल मीडिया की सतत मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए गए। इसके साथ ही त्वरित सूचना संकलन, आपसी समन्वय और संबंधित विभागों के साथ बेहतर तालमेल बनाकर श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
डीआईजी ने सभी थाना प्रभारियों एवं राजपत्रित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में निर्धारित व्यवस्थाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहें। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। बैठक के अंत में सभी अधिकारियों को कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा सभी विभागों के साथ समन्वय बनाकर जिम्मेदारियों का प्रभावी निर्वहन करने का आह्वान किया गया।
कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियों को लेकर डीआईजी ने की समीक्षा बैठक