85 लाख रुपये की अवैध स्मैक के साथ शातिर तस्कर गिरफ्तार

Cunning smuggler arrested with illicit smack worth ₹85 lakh.

सहारनपुर। सहारनपुर परिक्षेत्र में पुलिस उपमहानिरीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन सवेरा-नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर अभियान के तहत थाना तीतरों पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 425 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 85 लाख रुपये बताई गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन में नशीले पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी रोकथाम एवं तस्करों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी गंगोह के निकट पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी विकास चारण के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार 30 जुलाई 2026 को मुखबिर की सूचना पर थाना तीतरों पुलिस चेकिंग एवं गश्त कर रही थी। इसी दौरान रादौर रोड स्थित सतपाल पुत्र साधू की ट्यूबवेल के पास से ग्राम घाटमपुर निवासी साजिद पुत्र अफलातून को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 425 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।
इस संबंध में थाना तीतरों पर मु0अ0सं0 100/2026 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अभियुक्त से पूछताछ कर मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से जुड़े उसके फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंक की जांच कर रही है, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके। गिरफ्तार अभियुक्त को विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त साजिद पुत्र अफलातून निवासी ग्राम घाटमपुर, थाना नकुड़, जनपद सहारनपुर का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके विरुद्ध थाना देवबंद, थाना नकुड़ तथा थाना तीतरों में एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले भी मुकदमे दर्ज हैं। इस कार्रवाई को थाना प्रभारी विकास चारण, उपनिरीक्षक मुकेश कुमार, मुख्य आरक्षी सचिन कुमार तथा आरक्षी रविंद्र कुमार की टीम ने अंजाम दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *