ब्राह्मण महासभा के जिलाध्यक्ष चेतन शर्मा का हुआ नागरिक अभिनंदन

Chetan Sharma, District President of the Brahmin Mahasabha, accorded a civic reception.

सहारनपुर। श्री गुरु गोरक्ष गोलोक धाम गौशाला परिसर में अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष चेतन शर्मा के सम्मान में एक भव्य स्वागत एवं अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े गणमान्य नागरिकों, प्रबुद्धजीवियों, समाजसेवियों और संगठन के पदाधिकारियों ने चेतन शर्मा को फूल-मालाएं पहनाकर और प्रतीक चिह्न भेंट कर उनका जोरदार अभिनंदन किया।
इस अवसर पर आयोजित विचार गोष्ठी में धर्म, संस्कृति, सामाजिक समरसता और संगठन की मजबूती जैसे गंभीर विषयों पर विस्तार से मंथन किया गया। वक्ताओं ने भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं और सामाजिक मूल्यों के संरक्षण पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि आज के दौर में युवाओं को अपनी जड़ों से जोड़ना और समाज में एकजुटता बनाए रखना सबसे बड़ी आवश्यकता है। वक्ताओं ने गौसेवा को भारतीय संस्कृति का मूल आधार बताते हुए इसके प्रति समाज में व्यापक जनजागरण अभियान चलाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
सभा में इस बात पर सहमति बनी कि सामाजिक और सांस्कृतिक संगठनों को धरातल पर सक्रिय होना होगा, ताकि नई पीढ़ी में सेवा भावना, नैतिक संस्कार और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना का विकास हो सके। उपस्थित जनसमूह ने इस आयोजन को समाज में आपसी भाईचारा, संगठनात्मक एकता और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने की दिशा में एक बेहद सराहनीय और महत्वपूर्ण कदम बताया।
इस गरिमामयी समारोह में अखिल भारतीय हिन्दू परिषद के राष्ट्रीय संगठन मंत्री वैभव शर्मा, महाराज सिंह डिग्री कॉलेज के प्रोफेसर डॉ. कपिल वत्स, श्री गुरु गोरक्ष गोलोक धाम के अध्यक्ष राजकुमार जॉली, दर्शन लाल, अशोक, महेश, विराट, अधिवक्ता गौरव शर्मा, अभिषेक शर्मा, वैभव चौहान, अक्षय सैनी और अर्जुन सिंह सहित भारी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता व विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *