- मंदिरों में पहुंचकर लिया समरसता का संकल्प
सहारनपुर। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर समरसता संकल्प अभियान के तहत गुरु पूर्णिमा की संध्या पर महानगर के विभिन्न श्री रविदास मंदिरों में भव्य दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजित किए गए।
नगर विधायक राजीव गुंबर ने ओजपुरा, न्यू गोपाल नगर और रामू गेट, पेपर मिल रोड स्थित श्री रविदास मंदिरों में पहुंचकर संत रविदास जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की तथा दीप प्रज्वलित कर दीपोत्सव में सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि संत रविदास जी ने समाज को समरसता, समानता, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज को एकजुट होकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। महानगर अध्यक्ष शीतल विश्नोई ने शुगर मिल, गंगोह रोड स्थित श्री रविदास मंदिर में तथा महापौर अजय कुमार सिंह ने मातागढ़ स्थित श्री रविदास मंदिर में दीप प्रज्वलित कर श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं पूर्व महापौर संजीव वालिया ने देहात विधानसभा क्षेत्र के ऊनाली गांव स्थित श्री रविदास मंदिर में आयोजित दीपोत्सव कार्यक्रम में भाग लिया।
कार्यक्रम का संयोजन महानगर महामंत्री ललित कटारिया ने किया, जबकि सह-संयोजक महानगर उपाध्यक्ष संदीप रावत एवं मंत्री आरती शर्मा के नेतृत्व में महानगर के विभिन्न मंदिरों में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर दीप प्रज्वलित किए और समरसता का संदेश दिया।
इस अवसर पर पूर्व महानगर अध्यक्ष अमित गगनेजा, हेमंत अरोड़ा, के.एल. अरोड़ा, राकेश जैन, उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री संजय गर्ग, भाजपा नेता जय राम गौतम, योगेश कुमार, अजब सिंह सहित महानगर के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष, पार्षद एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और श्रद्धालु उपस्थित रहे। भाजपा नेताओं ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी का जीवन सामाजिक समरसता, समानता और मानवता का प्रेरणास्रोत है। उन्होंने जाति-पाति और भेदभाव से ऊपर उठकर मानव मात्र की समानता का संदेश दिया। उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाना तथा समाज में भाईचारे और समरसता को मजबूत करना हम सभी की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने संत रविदास जी के बताए मार्ग पर चलने तथा सामाजिक समरसता को सशक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।
गुरु रविदास जयंती पर भाजपा का भव्य दीपोत्सव