सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने वालों पर कार्रवाई की मांग को डीएम को सौंपा ज्ञापन

A memorandum was submitted to the District Magistrate demanding action against those making inflammatory posts on social media.

सहारनपुर। श्री शिव गोरक्ष जाहरवीर सेवा समिति के संस्थापक पंकज उपाध्याय ने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर सोशल मीडिया पर कथित रूप से भड़काऊ एवं आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित करने वाले लोगों के विरुद्ध जांच कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया है कि नगर निगम द्वारा गोगा म्हाड़ी स्थल पर बनाए गए स्वच्छ कुंड के विकसित होने के बाद यह स्थान सभी धर्मों के लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया है। समिति का आरोप है कि कुछ लोग इस विकास कार्य का विरोध करते हुए सोशल मीडिया पर ऐसी पोस्ट प्रसारित कर रहे हैं, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत होने और सांप्रदायिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका है।
समिति ने आरोप लगाया कि 21 जून को आयोजित एक बैठक में स्वच्छ कुंड पर अन्य समुदाय के लोगों के आने पर आपत्ति जताई गई तथा प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं। ज्ञापन में यह भी दावा किया गया है कि संबंधित बैठक का ऑडियो उनके पास सुरक्षित है, जिसे जांच के दौरान उपलब्ध कराया जाएगा। ज्ञापन में अनिल प्रताप सैनी एवं ओमप्रकाश सैनी सहित अन्य लोगों पर सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित कर माहौल खराब करने का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है। समिति ने प्रशासन से नगर में शांति एवं सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने का भी अनुरोध किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *