सहारनपुर। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश गोयल द्वारा वर्ष 2026-27 के लिए संगठन की केंद्रीय टीम का गठन करते हुए सहारनपुर के वरिष्ठ उद्योगपति एवं निर्यातक प्रमोद सदाना को नेशनल वाइस प्रेसिडेंट मनोनीत किया गया है। इस महत्वपूर्ण नियुक्ति के साथ ही उन्हें नेशनल प्रेसिडेंट के आधिकारिक प्रतिनिधि के रूप में पूरे क्षेत्र में संगठन की नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन, चौप्टर्स के समन्वय, सदस्यता विस्तार तथा उद्योगों की समस्याओं के समाधान की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
श्री प्रमोद सदाना वर्तमान में सुहाग इम्पेक्स के मैनेजिंग पार्टनर हैं। सुहाग इम्पेक्स सहारनपुर स्थित लकड़ी के हस्तशिल्प (वुडन हैंडीक्राफ्ट्स) का एक प्रतिष्ठित निर्माता एवं निर्यातक प्रतिष्ठान है, जिसके उत्पाद दुनिया के अनेक देशों में निर्यात किए जाते हैं। उन्हें उद्योग एवं निर्यात क्षेत्र में लगभग 28 वर्षों तथा मैनेजमेंट सिस्टम्स, क्वालिटी, स्किल डेवलपमेंट एवं एमएसएमई कंसल्टेंसी के क्षेत्र में 23 वर्षों का समृद्ध व गहरा अनुभव प्राप्त है। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) में उनका योगदान हमेशा से उल्लेखनीय रहा है। इससे पूर्व वे नेशनल वाइस प्रेसिडेंट (स्किल डेवलपमेंट), नेशनल सेक्रेटरी तथा चेयरमैन, सहारनपुर चैप्टर सहित संगठन के अनेक महत्वपूर्ण पदों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुके हैं। इसके अतिरिक्त वे डायरेक्टर, सहारनपुर हैंडीक्राफ्ट डेवलपमेंट सेंटर तथा इंडिपेंडेंट डायरेक्टर, सहारनपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के रूप में भी अपनी सेवाएँ प्रदान कर रहे हैं। अपनी इस नियुक्ति पर प्रमोद सदाना ने आईआईए के नेशनल प्रेसिडेंट दिनेश गोयल, केंद्रीय नेतृत्व तथा संगठन के सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह नियुक्ति उनके लिए केवल सम्मान का विषय नहीं, बल्कि एक महत्वपूर्ण उत्तरदायित्व है। संगठन के शीर्ष नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास व्यक्त किया है, उस पर पूर्णतः खरा उतरने के लिए वे पूरी निष्ठा, पारदर्शिता, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ कार्य करेंगे।
वरिष्ठ निर्यातक प्रमोद सदाना बने आईआईए के नेशनल वाइस प्रेसिडेंट, राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश गोयल ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी