श्रावण कांवड़ यात्रा की तैयारियाँ तेज, अपर पुलिस महानिदेशक और पुलिस उपमहानिरीक्षक ने किया मार्गों का निरीक्षण

Preparations for the Shravan Kanwar Yatra intensify; Additional Director General of Police and Deputy Inspector General of Police inspect the routes.

सहारनपुर। आगामी श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 को लेकर पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को अपर पुलिस महानिदेशक (ट्रैफिक एवं सड़क सुरक्षा) ए.एस. गणेश और पुलिस उपमहानिरीक्षक, सहारनपुर परिक्षेत्र अभिषेक सिंह ने सहारनपुर परिक्षेत्र के तीनों जनपदों में कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इसके बाद शामली में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लिया।
बैठक में कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक रणनीति पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने यातायात प्रबंधन, प्रभावी रूट डायवर्जन, भीड़ नियंत्रण, संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था, ड्रोन और सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग, आपदा एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कांवड़ यात्रा मार्ग पर यातायात व्यवस्था, संवेदनशील एवं अति संवेदनशील स्थानों, प्रमुख चौराहों, कांवड़ शिविरों, विश्राम स्थलों, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी कवरेज, पार्किंग स्थलों, आपातकालीन निकासी मार्ग, एम्बुलेंस संचालन तथा पुलिस बल की प्रस्तावित तैनाती का भी विस्तृत निरीक्षण किया गया।
अधिकारियों ने संबंधित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं के लिए सुगम आवागमन सुनिश्चित किया जाए, संभावित अवरोधों को समय रहते दूर किया जाए तथा कांवड़ियों की सुरक्षा और सुविधाओं को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जाए, ताकि श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 सकुशल एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *