स्वास्थ्य नीतियों और जनहित के मुद्दों पर होगा महामंथन, राज्य सरकार को भेजी जाएंगी महत्वपूर्ण सिफारिशें

A major deliberation will be held on health policies and issues of public interest.

सहारनपुर। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) सहारनपुर के तत्वावधान में आगामी 14 जून को आईएमए उत्तर प्रदेश स्टेट वर्किंग कमेटी की एक बेहद महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक प्रांतीय कार्यकारिणी बैठक का आयोजन सहारनपुर में किया जा रहा है। इस उच्च स्तरीय बैठक में उत्तर प्रदेश के सभी जिलों से आईएमए के वरिष्ठ पदाधिकारी, स्टेट प्रेसिडेंट, सेक्रेटरी समेत चिकित्सा क्षेत्र की कई नामचीन हस्तियां सहारनपुर पहुंच रही हैं।
आईएमए के वरिष्ठ पदाधिकारी डॉ. कलीम अहमद ने इस आयोजन को सहारनपुर के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने जानकारी दी कि लगभग 18 वर्षों के एक लंबे अंतराल के बाद स्टेट वर्किंग कमेटी की यह महत्वपूर्ण बैठक सहारनपुर में आयोजित होने जा रही है, जो अपने आप में ऐतिहासिक है। प्रदेशभर से आ रहे वरिष्ठ चिकित्सकों और पदाधिकारियों का आगमन स्थानीय डॉक्टरों के लिए बेहद प्रेरणादायक और सम्मानजनक अवसर होगा। इस भव्य कार्यक्रम के ऑर्गनाइजिंग चेयरमैन एवं आईएमए सहारनपुर के प्रेसिडेंट डॉ. प्रवीण शर्मा ने उत्साह व्यक्त करते हुए कहा कि यह हम सभी के लिए अत्यंत सौभाग्य और गर्व का विषय है। आईएमए उत्तर प्रदेश स्टेट वर्किंग कमेटी की इस बैठक की मेजबानी मिलना केवल आईएमए सहारनपुर ही नहीं, बल्कि पूरे सहारनपुर जनपद के लिए एक बड़ा सम्मान है। आयोजन को भव्य और सफल बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
ऑर्गनाइजिंग सेक्रेटरी डॉ. मंदीप सिंह ने बैठक के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस प्रकार की उच्च स्तरीय कार्यकारिणी बैठकों में स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा नीतियों और सीधे आम जनता से जुड़े गंभीर विषयों पर विस्तृत चर्चा की जाती है। इस प्रांतीय बैठक में राज्य के भीतर स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा तय करने और भविष्य की योजनाओं को लेकर बड़े निर्णय लिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस मंथन के माध्यम से आम जनता को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विचार-विमर्श होगा और जरूरी सुधारों के लिए तैयार की गई सिफारिशें व अनुशंसाएं राज्य सरकार को भेजी जाएंगी। पूर्व में भी आईएमए की कई महत्वपूर्ण अनुशंसाओं को सरकार द्वारा स्वीकार कर लागू किया जा चुका है। इस बड़े प्रांतीय समागम को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आईएमए सहारनपुर की टीम पूरी मुस्तैदी से जुटी हुई है। कार्यक्रम के को-स्पॉन्सर के रूप में डॉ. कलीम अहमद एवं डॉ. डी.के. गुप्ता अपनी सेवाएं दे रहे हैं। पूरे कार्यक्रम और बैठक के संचालन की कमान डॉ. नीरज आर्या एवं डॉ. रेनू शर्मा संभालेंगे। इसके साथ ही, ट्रेजरर (कोषाध्यक्ष) के रूप में डॉ. अनुपम मलिक संपूर्ण वित्तीय व्यवस्था और आयोजन प्रबंधन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रहे हैं। इस पूरे कार्यक्रम को सफल बनाने में आयोजन समिति के सदस्य डॉ. नरेश नौशरान और डॉ. विकास अग्रवाल भी अपना महत्वपूर्ण और सक्रिय सहयोग प्रदान कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *