मोहर्रम को लेकर कलेक्ट्रेट में शांति समिति की बैठक, डीएम अरविंद कुमार चौहान ने दिए कड़े निर्देश

Peace committee meeting held at the Collectorate regarding Muharram; DM Arvind Kumar Chauhan issues strict directives.

सहारनपुर। जिला मजिस्ट्रेट अरविंद कुमार चौहान की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में आगामी मोहर्रम के पर्व पर शांति एवं कानून व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न समुदायों के संभ्रांत नागरिकों के साथ शांति समिति की बैठक की गयी।
डीएम ने कहा की साम्प्रदायिक सौहार्द को बनाये रखते हुये पर्व को परम्परागत रूप से रीत-रिवाज के साथ मनायें। अगर कहीं पर कोई समस्या या विवाद है तो जिला प्रशासन एवं पुलिस को अवगत कराएं। समय रहते ही समस्या का उचित निस्तारण किया जाएगा। अलम और ताजिया परंपरागत मार्गों पर से ही निकाले जाएं। अलम की ऊंचाई मानक के अनुरूप रहे। धार्मिक आयोजन के दौरान किसी प्रकार के राजनीतिक संदेश न दिए जाएं। उन्होने आयोजकों से अपील करते हुए कहा कि धर्म एक आस्था का विषय है इसमें गंगा जमुनी तहजीब की मिसाल कायम कर शांति सदभाव और अखण्डता के साथ मनाया जाए। यह जनपद हमेशा से आपसी भाईचारा व मेल-जोल का उदाहरण रहा है। उन्होने आयोजकों से अपेक्षा की कि मोहर्रम को मनाए जाने के लिए आमजनों के बीच बेहतर संदेश प्रसारित करें।
जिला मजिस्ट्रेट ने नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को साफ सफाई व्यवस्था एवं विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित रखने के निर्देश दिए। जुलूस के दौरान किसी प्रकार का अवरोध उत्पन्न न हो, विद्युत विभाग तारों को अलम की ऊँचाई के हिसाब से दुरूस्त कर लें। उन्होने मुख्य चिकित्साधिकारी को जुलूस मार्ग पर एम्बुलेंस की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए। उन्होने निर्देश दिए कि कहीं पर भी गड्ढे और जलभराव की स्थिति न हो। संबंधित सभी अधिकारी समिति के सदस्यों से निरंतर सम्पर्क में रहें। एडीएम एवं एसपी सिटी जुलूस मार्ग का भ्रमण अवश्य कर लें।
संबंधित क्षेत्रों के उपजिलाधिकारी एवं पुलिस क्षेत्राधिकारी जुलूस मार्गों का भ्रमण कर आवश्यक व्यवस्थाओं के साथ ही समस्याओं का निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होने कहा कि अनावश्यक रूप से कोई नई परंपरा ना डालें। बिना अनुमति के कोई भी जुलूस न निकाला जाए। सोशल मीडिया के दौरान किसी भी भ्रामक पोस्ट से बचने की सलाह दी। आयोजकों द्वारा जिला प्रशासन को आश्वस्त किया गया कि शासन के निर्देशों का अनुपालन करते हुए जिला प्रशासन एवं पुलिस का पूर्ण रूप से सहयोग किया जाएगा।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन संतोष बहादुर सिंह, एसपी सिटी व्योम बिंदल, एसपी देहात मयंक पाठक, एसपी यातायात शैलेंद्र कुमार श्रीवास्तव, नगर मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह, पूर्व विधायक सुरेन्द्र कपिल, सिविल डिफेंस के चीफ वार्डन राजेश जैन, सरफराज खान, महेन्द्र तनेजा, ब्रित चावला, आमिर खान सहित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारीगण तथा शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *