सहारनपुर। कॉम्बो पुल क्षेत्र में लगातार बढ़ती अव्यवस्थाओं को लेकर स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम और प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि कॉम्बो पुल पुलिस चौकी से लेकर जे.बी.एस. इंटर कॉलेज तक दोनों ओर की सड़कें अत्यंत संकरी हैं, जबकि नाले के किनारे बनी फुटपाथों पर दुकानदारों द्वारा अतिक्रमण कर रखा गया है। इसके चलते पैदल चलने वाले लोगों को सड़क पर उतरकर चलने को मजबूर होना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार सड़कें पहले से ही संकरी हैं और फुटपाथों पर कब्जे के कारण वाहनों का आवागमन और अधिक प्रभावित हो रहा है। दोपहिया, चारपहिया वाहन और स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राएं अक्सर जाम में फंस जाते हैं। क्षेत्र में लगभग पूरे दिन जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
शिकायतकर्ताओं ने सुझाव दिया है कि नाले के किनारे बनी दीवारों का तकनीकी परीक्षण कर आवश्यकतानुसार सड़क चौड़ीकरण की योजना बनाई जाए। उनका कहना है कि यदि सड़कों को चौड़ा किया जाए और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए तो क्षेत्र में लगने वाले स्थायी जाम से काफी हद तक राहत मिल सकती है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि इस मार्ग से गुजरने वाले प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के वाहन भी कई बार जाम में फंस जाते हैं, लेकिन इसके बावजूद समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है।
बॉक्स
जिलाधिकारी, नगर आयुक्त और कमिश्नर को भेजी गई शिकायत
स्थानीय निवासी अब्दुल निजामी एवं अन्य नागरिकों द्वारा इस संबंध में नगर आयुक्त, विभागीय अधिकारियों, जिलाधिकारी तथा मंडलायुक्त को शिकायत भेजकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई है। उन्होंने प्रशासन से फुटपाथों से अतिक्रमण हटाने, सड़क चौड़ीकरण कराने और क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने की मांग की है।
बॉक्स
नॉनवेज होटलों के अतिक्रमण और भट्टियों से बढ़ रहा खतरा
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि कुछ नॉनवेज होटलों द्वारा सड़क और फुटपाथ तक अतिक्रमण कर लिया गया है। कई स्थानों पर सड़क किनारे भट्टियां रखकर रोटियां बनाई जाती हैं, जिससे न केवल यातायात प्रभावित होता है बल्कि आग लगने जैसी बड़ी दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है। लोगों का कहना है कि भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में खुले स्थान पर लगातार भट्टियां जलना सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर चिंता का विषय है।
इसके अलावा प्लास्टिक की थैलियां और अन्य कचरा नालियों में फंस जाने से जल निकासी व्यवस्था प्रभावित हो रही है। नालियों में गंदगी जमा होने से क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही है और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ रहा है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से इस समस्या का स्थायी समाधान कर स्वच्छता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि सरकार विकास कार्यों के लिए करोड़ों रुपये का बजट उपलब्ध कराती है, इसलिए कॉम्बो पुल क्षेत्र की इस गंभीर समस्या का भी प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाना चाहिए। नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो जनहित में आंदोलन का रास्ता अपनाने पर विचार किया जाएगा।