पटाखा छोड़ने वाली 3 बुलेट मोटरसाइकिलें सीज

Three Bullet motorcycles seized for backfiring (making cracker-like sounds).

सहारनपुर। यातायात नियमों के उल्लंघन और ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में थाना बिहारीगढ़ पुलिस ने विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाकर साइलेंसर से पटाखे जैसी आवाज निकालने वाली तीन बुलेट मोटरसाइकिलों को सीज कर दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन में अपराध नियंत्रण एवं यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन के लिए जनपदभर में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी बेहट के निकट पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक बिहारीगढ़ श्री सतेन्द्र सिंह के नेतृत्व में गुरुवार को विशेष वाहन चेकिंग अभियान संचालित किया गया। चेकिंग के दौरान पुलिस ने पाया कि कुछ वाहन चालक अपनी बुलेट मोटरसाइकिलों में अवैध रूप से मॉडिफिकेशन कर साइलेंसर से तेज आवाज और पटाखे छोड़कर ध्वनि प्रदूषण फैला रहे थे। साथ ही यातायात नियमों का भी उल्लंघन किया जा रहा था। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन मोटरसाइकिले सीज कर दी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वाहनों में किसी भी प्रकार का अवैध मॉडिफिकेशन कर ध्वनि प्रदूषण फैलाना कानूनन अपराध है। ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
सहारनपुर पुलिस ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने तथा वाहनों में अवैध मॉडिफिकेशन न कराने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक सतेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक संजीव यादव, महिला उपनिरीक्षक अक्षिता सिंह, कांस्टेबल विक्रांत कुमार एवं कांस्टेबल संदीप कुमार की प्रमुख भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *