- पुलिस कर्मियों ने ली तंबाकू से दूर रहने की शपथ
सहारनपुर। राज्य स्तर से प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में जनपद एवं ब्लॉक स्तर पर विश्व तंबाकू निषेध-2026 सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग और पुलिस विभाग के समन्वय से पुलिस लाइन सहारनपुर में एक विशेष स्वास्थ्य शिविर और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक यातायात अभिनंदन ने की। इस दौरान उपस्थित सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को तंबाकू का सेवन न करने की शपथ दिलाई गई।
शिविर में पुलिस अधीक्षक यातायात अभिनंदन ने पुलिस कर्मियों को संबोधित करते हुए एक स्वस्थ जीवन शैली अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि तंबाकू का सेवन न केवल हमारे स्वास्थ्य को गंभीर रूप से नुकसान पहुंचाता है, बल्कि यह हमारी वित्तीय स्थिति को भी बुरी तरह प्रभावित करता है।
जिला तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ के जिला सलाहकार मुदस्सर अली ने तंबाकू के सेवन से होने वाली जानलेवा बीमारियों और उनके शुरुआती लक्षणों के बारे में विस्तार से बताया। साइकोलॉजिस्ट बुशरा अंसारी ने तंबाकू की लत छोड़ने के मनोवैज्ञानिक तरीकों और इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग द्वारा दी जा रही निःशुल्क सुविधाओं की जानकारी दी।
मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम से आईं मनोचिकित्सीय सामाजिक कार्यकर्ता अंशिका सिंह ने दैनिक जीवन में मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि तनाव किस तरह हमारी जीवन शैली को प्रभावित करता है और इसके लक्षणों की पहचान कर समय पर कैसे इसका सही उपचार किया जा सकता है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से शिवांका गौड़ के नेतृत्व में जिला तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ के मुदस्सर अली (जिला सलाहकार), बुशरा अंसारी (साइकोलॉजिस्ट), कविता कुमारी (सोशल वर्कर), अंकुर शर्मा तथा मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम से अंशिका सिंह और कु. सल्तनत (स्टाफ नर्स) उपस्थित रहीं। इसके साथ ही पुलिस विभाग के तमाम उच्च अधिकारीगण और भारी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।
पुलिस लाइन में विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर लगा स्वास्थ्य शिविर