तीन शातिर चोर गिरफ्तार, चाकू व नगदी बरामद

Three Cunning Thieves Arrested; Knife and Cash Recovered

सहारनपुर। थाना कुतुबशेर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए क्षेत्र के एक प्राथमिक विद्यालय में हुई चोरी की घटना का सफल अनावरण किया है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए 3 वांछित चोरों को गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों के कब्जे और निशानदेही से चोरी का माल, नगदी, एक मोटरसाइकिल और अवैध हथियार बरामद किए गए हैं।
गत 12 मई 2026 को प्राथमिक विद्यालय ग्राम उनाली के प्रधानाध्यापक प्रवीण कुमार ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 11/12 मई की रात अज्ञात चोरों ने स्कूल से एक इनवर्टर, दो बैटरे और 3 गैस सिलेंडर चोरी कर लिए हैं। इस संबंध में थाना कुतुबशेर पर मु0अ0सं0 202/26 धारा 305 (ए) बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर द्वारा घटना का संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार त्यागी के कुशल नेतृत्व में पुलिस टीम ने आज (2 जून 2026) गंगोह रोड उनाली पशु पैठ से करीब 500 मीटर पहले एक खंडहर से तीनों आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने अपने नाम जुनैद पुत्र जिंदा हसन निवासी मदरहलीमा कॉलोनी, मानकमऊ, थाना कुतुबशेर, सहारनपुर, सादिक पुत्र शहजाद निवासी मदरहलीमा कॉलोनी, मानकमऊ, थाना कुतुबशेर, सहारनपुर एवं दिलशाद पुत्र समीम मदरहलीमा कॉलोनी, मानकमऊ, थाना कुतुबशेर, सहारनपुर) बताये। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लाल रंग के 3 इंडेन गैस सिलेंडर, एक मोटरसाइकिल, 3 अवैध चाकू और 7,500 नगद बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने कुबूल किया कि बरामद नगदी चोरी के इनवर्टर और बैटरे को बेचने से मिली रकम है। अवैध चाकू मिलने के बाद पुलिस ने दर्ज मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धाराएं बढ़ा दी हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
चोरी का खुलासा करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार त्यागी, उपनिरीक्षक अभिषेक चौरसिया, हेड कांस्टेबल मुकेश कुमार, कांस्टेबल अरुण, रिक्रूट कांस्टेबल मोहित कुमार और रिक्रूट कांस्टेबल आशुतोष शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *