मुठभेड़ के बाद पैर में गोली लगने से वांछित गौकश गिरफ्तार

Wanted cow smuggler arrested after encounter with bullet wound in leg

बेहट (सहारनपुर)ः उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जनपद में अपराधियों के खिलाफ जारी जीरो टॉलरेंस की नीति को बेहट पुलिस ने एक बार फिर जमीन पर उतारा है। एसएसपी अभिनंदन के सख्त निर्देशों के क्रम में थाना बेहट प्रभारी इंस्पेक्टर जितेंद्र दीक्षित के नेतृत्व में पुलिस ने रविवार को एक बड़ी सफलता हासिल की। पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक वांछित गौकश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने मौके से दबोच लिया।
जानकारी के अनुसार, इंस्पेक्टर जितेंद्र दीक्षित अपनी टीम के साथ जसमौर-शाकंभरी मार्ग पर सघन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने जब उसे रुकने का इशारा किया, तो आरोपी ने रफ्तार बढ़ा दी और भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने जब उसका पीछा किया, तो संतुलन बिगड़ने के कारण उसकी मोटरसाइकिल फिसल गई। खुद को घिरा देख शातिर अपराधी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस टीम ने भी अदम्य साहस का परिचय देते हुए आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली बदमाश के पैर में लगी और वह वहीं गिर पड़ा। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए बदमाश की पहचान इंतजार पुत्र पीरु, निवासी पथरवा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, इंतजार काफी समय से गौकशी के मामले में वांछित चल रहा था और पुलिस को उसकी तलाश थी।
पुलिस ने घायल बदमाश के कब्जे से एक अवैध तमंचा (315 बोर) और जिंदा कारतूस, गौकशी की घटना में प्रयुक्त होने वाले उपकरण एवं बिना नंबर की एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
इंस्पेक्टर जितेंद्र दीक्षित के इस बड़े एक्शन ने क्षेत्र के अपराधियों के बीच कड़ा संदेश दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बेहट क्षेत्र में कानून का राज कायम रखना उनकी पहली प्राथमिकता है और किसी भी सूरत में अपराधियों को सिर उठाने का मौका नहीं दिया जाएगा। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *