खनन माफिया इकबाल उर्फ बाला का करीबी इमरान गिरफ्तार

Imran, a close associate of mining mafia Iqbal alias Bala, arrested

सहारनपुर। जनपद के मिर्जापुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्ती दिखाते हुए खनन माफिया इकबाल उर्फ बाला के एक करीबी सहयोगी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर वादी को केस वापस लेने के लिए मजबूर करने, उसकी जमीन पर कब्जा करने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य बदमाशों में खलबली मच गई है।
जानकारी के मुताबिक 24 अप्रैल 2026 की है। ग्राम शफीपुर निवासी मेघराज पुत्र चतर सिंह ने थाना मिर्जापुर में लिखित तहरीर दी थी। वादी का आरोप था कि अभियुक्त इमरान पुत्र वसीर अहमद, जो कि खनन माफिया इकबाल उर्फ बाला का सहयोगी है, उसे लगातार परेशान कर रहा था। इमरान ने वादी पर दबाव बनाया कि वह इकबाल उर्फ बाला के खिलाफ दर्ज मुकदमे को तुरंत वापस ले ले। साथ ही, आरोपी ने वादी की जमीन हड़पने, जान से मारने और उसे किसी झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी थी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत मुकदमा (मु0अ0स0 118/26) दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
थाना मिर्जापुर के प्रभारी निरीक्षक सूबे सिंह के कुशल नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने इस मामले को गंभीरता से लिया। 26 अप्रैल 2026 को सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम मगपुरा में छापेमारी की और नामजद आरोपी इमरान पुत्र वसीर अहमद को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त इमरान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं (308(7), 308(5), 351(3), 61(2)) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद अभियुक्त को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि खनन माफियाओं और उनके सहयोगियों द्वारा आम नागरिकों को धमकाने या उन पर दबाव बनाने की किसी भी हरकत को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मिर्जापुर पुलिस की इस कार्रवाई ने स्पष्ट कर दिया है कि कानून के हाथ लंबे हैं और क्षेत्र में भयमुक्त वातावरण बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *