मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के तहत महिलाओं और बालिकाओं को किया गया जागरूक

Women and girls were sensitized under Phase 5.0 of the Mission Shakti campaign.

सहारनपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के कुशल निर्देशन में जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके तहत जिले के सभी थानों में तैनात मिशन शक्ति और एंटी रोमियो टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाने के लिए एक विशेष अभियान चलाया।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने विभिन्न विद्यालयों, कॉलेजों, व्यस्त बाजारों, सार्वजनिक स्थलों तथा ग्रामीण इलाकों में पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्हें कानून द्वारा प्रदत्त अधिकारों, सुरक्षा उपायों और कानूनी संरक्षण के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। आपातकालीन परिस्थितियों में तत्काल सहायता के लिए पुलिस ने महिलाओं को महत्वपूर्ण नंबरों के प्रति जागरूक किया और उनका निर्भीक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। सुरक्षा के लिये हैल्पलाईन नम्बर 1090-वूमेन पावर लाइन, 112-आपातकालीन सेवा एवं 181-महिला हेल्पलाइन बताये गये।
विशेष जागरूकता सत्र के दौरान स्कूल-कॉलेज की छात्राओं को गुड टच-बैड टच के बारे में समझाया गया। साथ ही, वर्तमान समय में बढ़ते डिजिटल खतरों को देखते हुए साइबर अपराधों से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और आत्मरक्षा के व्यावहारिक उपायों के संबंध में भी महत्वपूर्ण टिप्स दिए गए। पुलिस टीमों ने महिलाओं को ढाढस बंधाते हुए अपील की कि वे घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, पीछा करने या किसी भी अन्य अपराध के विरुद्ध चुप न रहें, बल्कि निर्भीक होकर पुलिस में अपनी शिकायत दर्ज कराएं। पुलिस प्रशासन हर मोड़ पर उनकी सुरक्षा के लिए पूरी तरह मुस्तैद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *