सहारनपुर (देवबंद)। सहारनपुर पुलिस द्वारा अपराधियों की धरपकड़ और अपराध की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना देवबंद पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर चोरी के मुकदमों में वांछित चल रहे एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास और उसकी निशानदेही पर चोरी की नकदी सहित भारी मात्रा में विद्युत उपकरण बरामद किए हैं। थाना देवबंद पुलिस ने इस गिरफ्तारी के साथ क्षेत्र में हुई चोरी की तीन बड़ी वारदातों का सफल अनावरण किया है। ग्राम जड़ौदा जट्ट निवासी सुशील की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ ग्रामीणों की ट्यूबवेल से विद्युत उपकरण चोरी करने का मामला (मु0अ0सं0 412/2026) दर्ज था। ग्राम बढ़ेड़ी सैनियो की निवासी प्रवीण कुमार ने तहरीर देकर खुशीराम नाम के व्यक्ति पर अपनी दुकान के गल्ले से 910 रुपये चोरी करने का आरोप लगाया था, जिस पर मुकदमा (मु0अ0सं0 465/2026) पंजीकृत किया गया। ग्राम बढ़ेड़ी मजबता निवासी हिमांशु की तहरीर पर ट्यूबवेल से मोटर चोरी होने का एक और मामला (मु0अ0सं0 466/2026) दर्ज किया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी देवबंद के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कपिल देव के नेतृत्व में पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान 25 जून 2026 को मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम बढ़ेड़ी से वांछित अभियुक्त खुशीराम पुत्र पीरू (निवासीः ग्राम बढ़ेड़ी, थाना देवबंद, सहारनपुर) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे और उसकी निशानदेही पर 910 रुपये नकद (दुकान से चोरी के मामले से संबंधित), 1 किलो 500 ग्राम तांबे का तार, 02 टुकड़े केबल (लंबाई 4.5 मीटर), 01 टुकड़ा केबल (लंबाई 4 मीटर) सामान बरामद किया है।
गिरफ्तारी और माल बरामदगी के बाद पुलिस ने दर्ज मुकदमों में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) की वृद्धि की है। पुलिस द्वारा कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए आरोपी को समय से माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार अभियुक्त खुशीराम एक आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ थाना देवबंद में पहले से ही आबकारी अधिनियम और चोरी के कुल 4 मामले दर्ज हैं। इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक कपिल देव, उपनिरीक्षक रवि कुमार, हेड कांस्टेबल विपिन कुमार, हेड कांस्टेबल सोहनवीर और कांस्टेबल प्रेमचन्द्र शामिल रहे।
वांछित अभियुक्त गिरफ्तार, नकदी और तांबे का तार बरामद