राव शमीम
गागलहेड़ी। क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के चलते जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। बारिश के कारण हिंडन नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से गागलहेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम सोना सय्यद माजरा में स्थिति गंभीर हो गई है। नदी के उफान के कारण बाढ़ का पानी पास ही स्थित गांव के कब्रिस्तान में घुस गया, जिससे वहां भारी नुकसान हुआ है।कब्रिस्तान में तेजी से पानी भरने के कारण वहां की मिट्टी पूरी तरह बैठ गई और कई पुरानी व नई कब्रें धंस गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पानी के तेज बहाव और मिट्टी कटने के कारण कुछ कब्रों से मृतकों के शव (मुर्दे) बाहर आ गए। जैसे ही यह खबर गांव में फैली, पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण और मृतकों के परिजन बदहवास हालत में कब्रिस्तान की तरफ दौड़े। पानी का बहव कम होने पर बारिस के बीच ही ग्रामीणों ने शवो को दुबारा दफन किया। गांव के संभ्रांत नागरिकों और परिजनों ने इस स्थिति पर गहरा दुख और आक्रोश जताया है। ग्रामीणों का कहना है कि जलभराव के कारण स्थिति बेहद संवेदनशील बनी हुई है। उन्होंने जिला प्रशासन से निकासी कराने की मांग की है। शुक्रवार सुबह जब स्थानीय लोग और मृतकों के परिजन कब्रिस्तान पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गए। पानी में तैरती लकड़ियों और धंसी हुई कब्रों को देखकर लोग गमगीन हो गए।
वर्षा का रूद्र रूप-कब्रिस्तान मे पहुंचा पानी कबरे आई बाहर